विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार से दिल्ली तक फैला ड्रग्स नेटवर्क ध्वस्त, गिरोह का मुख्य सरगना बंटी कुमार गिरफ्तार

Published: Sun, 12 Apr 2026 05:30 AM (IST)

मध्य दिल्ली की हौज काजी पुलिस ने बिहार के मधेपुरा से दिल्ली में ड्रग्स सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना बंटी ...और पढ़ें

गांजा व हेरोइन दिल्ली में सप्लाई करने वाला सरगना गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर

गांजा व हेरोइन दिल्ली में सप्लाई करने वाला सरगना गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मुख्य सरगना बंटी कुमार बिहार के मधेपुरा से गिरफ्तार।

  2. हौज काजी पुलिस ने दिल्ली ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

  3. सस्ते में गांजा खरीदकर दिल्ली में दोगुने दाम पर बेचते थे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बिहार के मधेपुरा से सस्ते दाम पर ड्रग्स लाकर दिल्ली लाकर बेचने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को मध्य दिल्ली की हौज काजी थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान लौआलागान जिला, मधेपुरा बिहार के बंटी कुमार उर्फ लल्लन साह के रूप में हुई है। इससे पहले ड्रग्स तस्करी में शामिल गिरोह के पांच आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, सबसे पहले 24 मार्च को पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान हौज काजी पुलिस की टीम ने मोहम्मद अली नामक एक आरोपित को हेरोइन पीते पकड़ा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह हेरोइन पहाड़गंज पुल के पास काम करने वाले सोनू नामक व्यक्ति से खरीदी थी।

उसकी निशानदेही पर बिनोद कुमार, सोनू कुमार मंडल और संजीत कुमार को 27 मार्च को टोडापुर इलाके से गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 8.505 किलोग्राम गांजा और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। सोनू ने बताया कि वह रघुबीर नगर दिल्ली और बिहार से प्रतिबंधित पदार्थ खरीदता था।

इसके बाद, रघुबीर नगर इलाके में छापेमारी कर सुरेंदर प्रसाद को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 10.66 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

दोगुने दाम पर बेचते थे

बिनोद कुमार और सोनू से पूछताछ में पता चला कि बिहार के एक सप्लायर से पांच से छह हजार प्रति किलोग्राम के रेट पर गांजा खरीदते थे और दिल्ली में 12 से 13 हजार प्रति किलोग्राम के रेट पर बेचते थे।

उनकी निशानदेही पर छह अप्रैल को मुख्य सरगना बंटी कुमार को टेक्निकल एनालिसिस की मदद से बाबा बिशु रावत मंदिर, मधेपुरा, बिहार के पास से ट्रेस कर दबोच लिया गया।

पता चला कि आरोपित मधेपुरा इलाके में और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों को भी गांजा सप्लाई कर रहा था, जो आगे दिल्ली में बेचा करते थे।

यह भी पढ़ें- 'हिमाचल API का हब बनेगा', CM सुक्खू ने बल्क ड्रग पार्क का शिलान्यास किया, बोले- जयराम कुर्सी के लिए तनाव में

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से जुड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, बटाला में 45 करोड़ की हेरोइन और हथियार सहित दो गिरफ्तार