भजनपुरा में महिला पर फेंका ज्वलनशील पदार्थ, अस्पताल पहुंचाया गया; आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा स्थित घोंडा चौक पर एक 24 वर्षीय महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया, जिससे वह झुलस ...और पढ़ें

भजनपुरा में महिला पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
घोंडा चौक पर महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया।
24 वर्षीय पीड़िता झुलसी, जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने 41 वर्षीय आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। भजनपुरा थाना क्षेत्र के घोंडा चौक के पास मंगलवार सुबह एक महिला पर एक व्यक्ति ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। घटना में 24 वर्षीय महिला झुलस गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पीड़िता को पीसीआर वैन से जेपीसी अस्पताल ले जाया जा चुका था। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, महिला घोंडा इलाके में किराये पर रहती है और जाफराबाद में काम करती है। मंगलवार सुबह करीब 7:10 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। घोंडा चौक के पास पहुंचने पर एक व्यक्ति ने उस पर तरल पदार्थ फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह आरोपित को पिछले करीब छह महीने से जानती है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। भजनपुरा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र 41 वर्ष बताई गई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगा रही है। मामले की जांच जारी है।
