विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में गैंगस्टर राशिद केबल वाले के इशारे पर मांगी थी रंगदारी, पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:56 PM (IST)

भजनपुरा में हत्या के प्रयास और फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपितों जासिम उर्फ आलू ...और पढ़ें

दिल्ली के भजनपुरा में फायरिंग और रंगदारी मामले में दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार।

दिल्ली के भजनपुरा में फायरिंग और रंगदारी मामले में दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार।

HighLights

  1. भजनपुरा में हत्या के प्रयास और फायरिंग मामले का खुलासा।

  2. पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी जासिम और कैफ गिरफ्तार हुए।

  3. गैंगस्टर राशिद केबलवाला के कहने पर रंगदारी मांगी थी।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। भजनपुरा इलाके में हत्या के प्रयास और फायरिंग के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान वेलकम निवासी जासिम उर्फ आलू (23) और कैफ उर्फ डीजे (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, 18 कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर 12 गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 16 राउंड चलाए, जिसमें दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।

दोनों ने हवा में चलाई गोलियां

पुलिस ने बताया कि दो अक्टूबर की रात करीब 2:43 बजे भजनपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष विहार, उत्तर घोंडा की गली नंबर-16 में फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह बालकनी में आया तो दो युवक स्कूटी पर दिखाई दिए। दोनों के हाथ में पिस्टल थी और उन्होंने उसकी ओर और हवा में गोलियां चला दीं।

गोलियां मकान की कांच की रेलिंग और बाहरी दीवार में लगीं। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। मामले में भजनपुरा थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष स्टाफ को आरोपितों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी गई। निरीक्षक अरविंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग में शामिल आरोपित नानकसर से तीसरे पुश्ता रोड, उस्मानपुर की ओर मोटरसाइकिल से आने वाले हैं। पुलिस ने वहां घेराबंदी की। रात करीब 2:45 बजे बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

गिरफ्तार जासिम उर्फ आलू पर विशेष प्रकोष्ठ में आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है, जबकि कैफ का पूर्व आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला है। पूछताछ में दोनों ने शिकायतकर्ता के घर पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि राशिद उर्फ केबलवाला के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था।