विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारापुला फेज-3 की दूसरी लेन खुलने के बावजूद राहत नहीं, 3.5 किमी लंबे कॉरिडोर पर लगा लंबा जाम

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:42 PM (IST)

बारापुला फेज-3 की दूसरी लेन (आश्रम से मयूर विहार) खुलने के बावजूद साढ़े तीन किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर भारी जाम देखा गया।

साढ़े तीन किमी लंबे कॉरिडोर में जाम से जूझते रहे वाहन चालक। जागरण

साढ़े तीन किमी लंबे कॉरिडोर में जाम से जूझते रहे वाहन चालक। जागरण

HighLights

  1. बारापुला फेज-3 की दूसरी लेन यातायात के लिए खोली गई।

  2. साढ़े तीन किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर भारी जाम की स्थिति बनी।

  3. कई मार्गों का यातायात एक जगह मिलने से समस्या बढ़ी।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली को दक्षिणी दिल्ली से सीधे जोड़ने वाले बारापुला फेज-3 की दूसरी लेन (आश्रम और एम्स से मयूर विहार) भी बृहस्पतिवार को खोल दी गई।

इस लेन पर जाम का असर तो कम ही रहा पर मयूर विहार की ओर से एम्स जाने वाली सड़क पर दूसरे दिन भी स्थिति पहले दिन जैसी बनी रही। साढ़े तीन किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर वाहन चालक जाम से जूझते नजर आए।

WhatsApp Image 2026-10-01 at 12.45.27

वहीं, यातायात नियंत्रित करने के लिए मयूर विहार की ओर से आने वाली लेन पर फ्लाईओवर जहां से शुरू होता है, वहां बैरिकेड लगाए गए हैं। जाम बढ़ने पर बैरिकेड लगाकर लेन बंद किया जा रहा है। कॉरिडोर पर ट्रैफिक दबाव सामान्य होने पर जब बैरिकेड खोली जा रही है, तब फिर वैसी ही स्थिति बन रही है।

WhatsApp Image 2026-10-01 at 12.40.00

बता दें कि नौ साल के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर के मयूर विहार से एम्स और आश्रम जाने वाले मार्ग पर यातायात शुरू हुआ।

उम्मीद थी कि इससे पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर आवागमन आसान होगा, लेकिन पहले ही दिन बड़ी संख्या में वाहन इस कॉरिडोर पर पहुंच गए। इससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर तीन किलोमीटर तक जाम लग गया।

वहीं, दोपहर में जाम का असर बारापुला फेज-1 के ज्वाइंट वाले हिस्से से लेकर यमुनापार कर मयूर विहार तक पहुंच गया। शाम चार बजे के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि, फेज-3 शुरू होने के बाद रिंग रोड पर सराय काले खां बस अड्डे के सामने यातायात दबाव में कुछ कमी देखी गई।

WhatsApp Image 2026-10-01 at 12.39.59

बारापुला फेज-3 पर जाम लगने के ये हैं कारण

बारापुला फेज-3 को एम्स की ओर जाने के लिए मयूर विहार की ओर से आकर पहले से बने बारापुला फेज-1 के सूर्य घड़ी क्लोवरलीफ से जोड़ा गया है। इस क्लोवरलीफ पर पहले से ही सराय काले खां की ओर से आने वाले वाहन एम्स की ओर जाते हैं।

अब फेज-3 का तीन लेन का यातायात भी यहां मिलने से यह बड़ा बाटलनेक बन गया है और एक स्थान पर पांच लेन का यातायात एकत्र हो रहा है। आश्रम, लाजपत नगर और डीएनडी की ओर से आने वाला यातायात भी एम्स की ओर जाने के लिए इसी क्लोवरलीफ के पास बनी स्लिप रोड से बारापुला फेज-1 पर चढ़ता है। इसके अलावा मुंबई एक्सप्रेसवे का यातायात भी इसी हिस्से में जुड़ रहा है।

jagran News (318)

बारापुला पर चढ़ने के बाद क्लोवरलीफ और स्लिप रोड के यातायात को एक तरफ का यातायात रोककर आगे बढ़ाया जाता है। यहां पहले से ही यहां जाम की स्थिति रहती थी।

फेज-3 का यातायात जुड़ने के बाद समस्या और बढ़ गई और जाम पीछे मयूर विहार तक पहुंच गया। नए कॉरिडोर से आश्रम की ओर जाने वाले वाहनों के कारण आश्रम मोड़ पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया है।