बारापुला फेज-3 पर लॉन्ग वीकेंड से बड़ी राहत, सोमवार के लिए ट्रैफिक पुलिस की खास तैयारी
बारापुला फेज-3 पर लंबे वीकेंड के कारण ट्रैफिक में कमी देखी गई, लेकिन सोमवार के लिए यातायात पुलिस जाम से ...और पढ़ें

बारापुला फेज 3 पर फर्राटा भरते वाहन। विपिन शर्मा
HighLights
लंबे वीकेंड के कारण बारापुला फेज-3 पर ट्रैफिक में राहत।
सोमवार को संभावित जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस तैयार।
गूगल मैप्स पर रियल-टाइम अपडेट न होने से वाहन चालक परेशान।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। बारापुला फेज-3 पर मयूर विहार से एम्स जाने वाली लेन पर महीने का पहला शनिवार होने के चलते गांधी जयंती के दूसरे दिन भी जाम से राहत रही। ज्यादातर सरकारी-गैरसरकारी कार्यालयों प्रतिष्ठानों बंद रहने के चलते पूरी दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक कम रहा।
यही हाल रविवार को भी रहने वाला है। हालांकि सोमवार को संभावित जाम से निबटने के लिए ट्रैफिक विभाग तैयारी में जुटी है। सदर्न रेंज के पुलिस उपायुक्त यातायात संदीप गुप्ता के मुताबिक सभी प्वाइंट पर अतिरिक्त स्टाफ लगाकर यातायात को नियंत्रित कराने का प्रयास किया जाएगा।
अभी गूगल मैप पर नहीं दिख रहा रियल टाइम अपडेट
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक अभी गूगल सर्च में रियल टाइम अपडेट नहीं दिख रहा है। वाहन चालकों को जाम की स्थिति पता नहीं लग पा रही है और वे आकर यहां फंस जा रहे हैं। गूगल इसे रियल टाइम में अपडेट मिलने पर वाहन चालक जाम होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों के उपयोग कर आगे की यात्रा तय कर सकेंगे।
बता दें कि इस साढ़े तीन किलोमीटर के हिस्से को जाम से राहत दिलाने के क्रम में ट्रैफिक विभाग ने बृहस्पतिवार को ड्रोन सर्वे कर पीडब्ल्यूडी को चार बिंदुओं पर सुझाव दिए थे।
जाम कम करने के दिए गए ये सुझाव
इसमें सही मर्जर प्वाइंट पर उचित ट्रैफिक कंट्रोल करने के साथ ही सिग्नल लगाए जाने, सनडायल के पास मर्जर प्वाइंट के आकार (ज्यामिति) में बदलाव कराने व ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए, जहां भी संभव हो एनएच-24 की ओर ट्रैफिक को डायवर्ट करना या नियंत्रित करने का सुझाव दिया गया है। इस पर संबंधित विभाग से समन्वय कर काम कराया जाएगा।
