विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की 3 विश्व धरोहर देखने आ सकते हैं पुतिन-जिनपिंग,अलर्ट पर ASI; आम टूरिस्ट पर लगेगी रोक

Published: Sat, 12 Sep 2026 02:01 PM (IST)

दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों के संभावित स्मारक भ्रमण के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने कुतुब ...और पढ़ें

दिल्ली की तीन विश्व धरोहरों में तैयारियां शुरू। फोटो: आर्काइव

दिल्ली की तीन विश्व धरोहरों में तैयारियां शुरू। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली के स्मारकों पर एएसआई की तैयारी

  2. कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, लाल किले पर नोडल अधिकारी तैनात

  3. मेहमानों के आगमन पर पर्यटकों की आवाजाही रोकी जा सकती है

वी के शुक्ला, नई दिल्ली।  राजधानी में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल विदेशी मेहमानों के दिल्ली के ऐतिहासिक स्मारकों के संभावित भ्रमण को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और लाल किला समेत तीन विश्व धरोहर स्मारकों पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। हालांकि, आम पर्यटकों के लिए इन स्मारकों का प्रवेश बंद नहीं किया गया है।

किसी विशिष्ट विदेशी मेहमान के स्मारक पर पहुंचने की स्थिति में सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए आम पर्यटकों की आवाजाही रोकी जा सकती है।

तीन विश्व धरोहरों पर विशेष निगरानी

विदेशी मेहमानों के संभावित भ्रमण को ध्यान में रखते हुए ASI इन स्मारकों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है। अधिकारियों को सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-कौन से विदेशी राष्ट्राध्यक्ष इन स्मारकों का दौरा करेंगे। ASI को किसी भी संभावित दौरे के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है।

आम पर्यटकों का प्रवेश फिलहाल जारी

कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और लाल किले में आम पर्यटकों का प्रवेश बंद नहीं किया गया है। यानी सामान्य दिनों की तरह पर्यटक इन स्मारकों का भ्रमण कर सकेंगे।

हालांकि, यदि किसी विदेशी मेहमान का दौरा तय होता है तो सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ समय के लिए आम पर्यटकों की आवाजाही रोकी जा सकती है। ASI को ऐसे दौरे की सूचना कुछ समय पहले ही मिलने की बात कही गई है।

पुतिन पहुंचे, जिनपिंग का इंतजार

ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के आज पहुंचने का कार्यक्रम है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और अन्य प्रमुख देशों के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में पहुंच चुके हैं।

इन विदेशी मेहमानों के संभावित स्मारक भ्रमण को देखते हुए ASI की ओर से संबंधित व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।

आधिकारिक कार्यक्रम में नहीं है भ्रमण

12 और 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के कार्यक्रम में नेताओं की बैठक, भारत नवाचार प्रदर्शनी, पौधरोपण और रात्रिभोज समेत कई कार्यक्रम शामिल हैं। उपलब्ध आधिकारिक कार्यक्रम में कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा या लाल किले के दौरे का उल्लेख नहीं है।

इसके बावजूद भारत सरकार ने ASI को अलर्ट रहने को कहा है। मेहमानों के इन तीन विश्व धरोहर स्मारकों में ही भ्रमण करने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में BRICS से पहले दीवारों पर लिखे देश विरोधी नारे, मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार; विदेशी फंडिंग का खुलासा