कर्ता और कर्म के बहाने एलजी पर बरसीं केजरीवाल की पत्नी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी उपराज्यपाल को आड़े हाथ लिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछताछ से एक दिन पहले उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल के ट्वीट ने सियासी पारा बढ़ा दिया। ट्वीट के जरिये उपराज्यपाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कर्मो का फल भोगने के लिए भी चेताया।
सुनीता केजरीवाल ने गुरुवार शाम उपराज्यपाल को टैग कर ट्वीट किया, 'आप जानते होंगे कि पूर्व एलजी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार के साथ जो किया उसके लिए खेद भी व्यक्त कर चुके हैं। मेरी विधवा बहन को परेशान करने के अलावा आप सरकार का निरंतर उत्पीड़न करना अमानवीय है। कर्म कभी भी कर्ता को नहीं छोड़ता है।' हालाकि यह ट्विटर हैंडल वेरीफाई नहीं है, लेकिन इसे अरविंद केजरीवाल समेत आप के कई बड़े नेता फॉलो करते हैं। भाजपा ने सुनीता केजरीवाल के ट्वीट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शकर कपूर ने कहा कि यह ट्वीट इस पूरे परिवार की सभ्यता को दर्शाता है। सुनीता केजरीवाल के ट्वीट पर लोगों ने चुटकी भी ली। विकास कुमार ने ट्वीट किया कि अच्छा मैडम जी भी पॉलिटिक्स में आ गई, अपने कर्म छोड़ कर। मुकुल ने ट्वीट किया कि यदि यह सत्य है तो सोचे दिल्ली सीएम के साथ क्या हुआ है। कमाल कुमार ने ट्वीट किया कि नया ट्रेंड, राजनीतिज्ञों की न चले तो उनकी श्रीमती जी आकर श्राप दे दें।