साफ-सुथरा और हरा-भरा होगा आनंद विहार, सड़क सुधार से मलबा हटाने तक चलेगा अभियान
दिल्ली के आनंद विहार को धूल, गड्ढों और मलबे से मुक्त करने के लिए नगर निगम ने व्यापक अभियान शुरू ...और पढ़ें

आनंद विहार में फुटपाथ की सफाई करते निगम कर्मी। सौ- निगम
HighLights
आनंद विहार को धूल, गड्ढों और मलबे से मुक्ति मिलेगी।
सड़कों की गहन सफाई और नियमित पानी का छिड़काव होगा।
हरियाली बढ़ाने के लिए खाली जगहों पर ग्रीन पैच विकसित होंगे।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के प्रमुख परिवहन केंद्र आनंद विहार को धूल, गड्ढों से मुक्ति और सड़कों पर हरियाली बढ़ाने के लिए नगर निगम ने तीन किलोमीटर के दायरे में व्यापक अभियान शुरू किया है।
आनंद विहार आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और नमो भारत स्टेशन होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे महत्वपूर्ण केंद्र के आसपास टूटी सड़कें, गड्ढे, उड़ती धूल और सड़क किनारे पड़ा सीएंडडी वेस्ट लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
अब निगम ने क्षेत्र को साफ और सुरक्षित बनाने के साथ हरियाली बढ़ाने की योजना पर भी काम तेज कर दिया है। पूर्वी जोन के उपायुक्त अजहरुद्दीन काज़ी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इलाके का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत आनंद विहार से जुड़ी मुख्य सड़कों, फुटपाथ और पक्के रास्तों की डीप क्लीनिंग के साथ नियमित वाटर स्प्रिंकलिंग की जाएगी।
मलबा सफाई और हरियाली से संवरेगा आनंद विहार
टूटी सड़कों और गड्ढों को चिन्हित कर दुरुस्त किया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही से धूल न उड़े और लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। इसके तहत गाजीपुर, हसनपुर समेत आसपास के इलाकों में सड़क किनारे पड़े अवैध कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट को भी प्राथमिक तौर पर हटाया जाएगा।
सड़क किनारे खाली और मिट्टी वाले हिस्सों को चिन्हित कर वहां ग्रीन पैच विकसित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ धूल पर भी अंकुश लगेगा।
पूर्वी जोन के उपायुक्त अजहरुद्दीन काज़ी ने कहा कि आनंद विहार जैसे महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र को साफ, सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए सड़क सुधार, सफाई, मलबा हटाने और हरियाली बढ़ाने पर एक साथ काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- DTC बस ड्राइवर बनकर छिपा था मनचला: आनंद विहार से भगोड़ा कमल गिरफ्तार, द्वारका पुलिस की कार्रवाई
