दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को क्लास टीचर ने किया याद, शेयर की स्कूल के दिनों की यादें
Sushant Singh Rajput Death Anniversary सुशांत की क्लास टीचर और फीजिक्स की शिक्षिका यशु छाबड़ा उन्हें याद करते हुए उन दिनों में खो जाती हैं। वह कहती हैं सुशांत दूसरे विद्यार्थियों से अलग था। मेधावी होने के साथ साथ वह मिलनसार और सुलझा हुआ भी था जो उसकी खासियत थी।
नई दिल्ली [शिप्रा सुमन]। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत काे आज एक वर्ष पूरे हो गए तो हर कोई उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है। सुशांत एक प्रतिभावान छात्र होने के साथ एक सुलझे हुए इंसान थे। दिल्ली के अशोक विहार स्थित कुलाचि हंस राज माडल स्कूल से उन्होंने 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। शिक्षकों ने उन्हें याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और प्रतिभा के बारे में बताया। इस मौके पर स्कूल के विद्यार्थियों ने आनलाइन क्लास के दौरान उन्हें याद करते हुए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखा।
प्यार से गले लगाना याद है
सुशांत की क्लास टीचर और फीजिक्स की शिक्षिका यशु छाबड़ा उन्हें याद करते हुए उन दिनों में खो जाती हैं। वह कहती हैं, सुशांत दूसरे विद्यार्थियों से अलग था। मेधावी होने के साथ साथ वह मिलनसार और सुलझा हुआ भी था जो उसकी खासियत थी। उसका हर कोई दोस्त था। वह कहती हैं कि जब सुशांत अभिनेता बनने के बाद पहली बार स्कूल आया तब उसने दूर से ही उन्हें पहचान लिया और दौड़कर गले लगा लिया। आज भी वह उस पल को भूल नहीं पातीं। उसने कहा, मैम आपको कैसे भूल सकता हूं। वह आगे कहती हैं यह बात यकीन करने की नहीं है कि वह इस तरह से हमें छोड़कर चला जाएगा।
खूब सवाल पूछता
शिक्षिका यशु ने बताया कि सुशांत को फिजिक्स में सबसे अधिक रूचि थी और वह प्रयोगशाला में काफी वक्त बिताता था। वह एक विचारक की तरह विषय पर बातें करता था। उसकी सबसे दोस्ती थी और वह हमेशा खुश रहता था। लैब में वह खूब सवाल पूछता था। किताबी जानकारियों से हटकर बातें करता था। वह पढ़ाई के साथ हर तरह की गतिविधियों में हिस्सा लेता था। अभिनेता बनने के बाद भी वह अपने स्कूल के दोस्तों से काफी बातें करता था। और तब भी फिजिक्स की बातें करता था।