भाजपा अपने सांसद पर कार्रवाई करती तो प्रदेश में न होती आगजनीः अभय चौटाला
विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर मनोहर लाल खट्टर सरकार पर ताजा हमला बोला है।
गुड़गांव। हरियाणा में जाट आंदोलन के चलते बिगड़े माहौल को लेकर विपक्ष का हरियाणा सरकार पर हमला जारी है। इस कड़ी में आज विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर मनोहर लाल खट्टर सरकार पर ताजा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सांसद राजकुमार सैनी पर पार्टी समय पर कार्रवाई करती तो प्रदेश में आगजनी नहीं होती। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश का भाईचारा भी खराब नहीं होता।
वह आज गुड़गांव के गांंव सुखराली में आयोजित इनेलो सद्भा्वना सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने आज सम्मेलन में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक गंगाराम के अलावा गोपीचंद गहलोत भी मौजूद थे।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से भाजपा सांसद राज कुमार सैनी जाट आरक्षण के खिलाफ हैं। उन्होंने मीडिया से भी कहा था कि वे जाट आरक्षण के खिलाफ हैं। और इस कानून के खिलाफ किसी भी हद तक लड़ने के खिलाफ हैं।
उन्होंने ये भी कहा था कि सभी नेताओं को जाट आरक्षण के मुद्दे पर राजनीती करनी बंद कर देनी चाहिए। क्यूंकि अभी तक किसी भी रिपोर्ट में ये सिफारिश नहीं की गई है कि जाटों को आरक्षण दे चाहिए। उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे पर वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे, भले ही वे भाजपा में न रहें।