विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'आप' विधायक पर दंगा भड़काने और पुलिस से बदसलूकी का आरोप, गिरफ्तार

By JP YadavEdited By:
Published: Fri, 29 Jan 2016 01:15 PM (IST)Updated: Sat, 30 Jan 2016 08:49 AM (IST)

विकासपुरी से आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र यादव को दंगा फसाद, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। विकासपुरी से आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र यादव को दंगा फसाद, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारी के कामकाज में बाधा डालने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यादव को उनके सहयोगी रोशन पंडित के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने महेंद्र यादव को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस की कस्टडी में भेज दिया गया है।

ये है आरोप

आप विधायक यादव पर सरकारी कर्मचारी के कामकाज में बाधा डालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। इसी मामले में महेंद्र यादव के अलावा आप विधायकों सुरेंद्र यादव, जरनैैल सिंह, गुलाब सिंह, भगवान गौड़ और नरेश बालियान पर भी मामला दर्ज हुआ है।

'आप' ने क्या कहा

आप पार्टी ने यादव का बचाव करते हुए कहा है कि दिल्ली में बच्ची के साथ बलात्कार का विरोध करना अब अपराध हो गया है। दिल्ली सरकार के प्रवक्ता ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली पुलिस ने बलात्कार के आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने से मना कर दिया था और इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। दिल्ली में अब बच्ची के साथ बलात्कार के खिलाफ प्रदर्शन करना अपराध हो गया है।'

दिल्ली पुलिस की सफाई

दिल्ली पुलिस का आरोप है कि यादव उत्तेजित भीड़ को उकसाने का काम कर रहे थे। आप के नेता और उनके समर्थक बलात्कार के मामले का राजनीतिकरण करने में जुटे हुए हैं। वह यह अफवाह फैला रहे हैं कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है जबकि प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और निहाल विहार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। बच्ची को चिकित्सा और काउंसिलिंग उपलब्ध कराई गई और उसका फिलहाल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में इलाज चल रहा है।