केजरीवाल बोले, 'AAP का बैंक एकाउंट खाली, पंजाब में चुनाव लड़ने को पैसे नहीं'
दिल्ली में तकरीबन डेढ़ साल से सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (आप) के पास चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं हैं। यह खुलासा खुद आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने किया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में तकरीबन डेढ़ साल से सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (आप) के पास चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद यह बात कही है। वह दक्षिण गोवा में अनुसूचित जाति/जनजाति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज अनुसूचित जाति और जनजाति से जुड़े कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा कि यह सुनने में अजीब लगेगा, लेकिन सौ फीसद यह सच है कि दिल्ली में करीब डेढ़ साल तक सरकार चलाने के बावजूद पंजाब में आम आदमी पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं हैं। मैं आपको अपना बैंक एकाउंट दिखा सकता हूं, यहां तक कि पार्टी के पास भी पैसे नहीं हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव जीतने का अरविंद केजरीवाल का महामंत्र
आप पंजाब और गोवा विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान शुरू कर चुकी है। केजरीवाल ने रविवार को कहा, दिल्ली में जब हम चुनावी होड़ में शामिल हुए थे तो जनता ने चुनाव लड़ा था। आप एक प्लेटफॉर्म है, जहां से कोई भी अपने बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर सकता है। गोवा में भी यहां की जनता ही चुनाव लड़ेगी।' केजरीवाल इस दौरान आदिवासी प्रतिनिधि से मिले और उनके हक में काम करने का भरोसा दिलाया।
केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि राज्य में आप की सरकार बनने पर आला कमान की संस्कृति नहीं होगी। उनके मुताबिक चुनावी घोषणापत्र राज्य की जनता ही तैयार कर रही है और वह इसमें दखल नहीं देंगे। वह सिर्फ राज्य से जुड़े मुद्दों को समझने के वास्ते आए हैं।
इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री ने गोवा में मादक पदार्थो की व्यापक पैमाने पर बिक्री को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाह ले तो एक घंटे में इसपर रोक लग जाएगी।