लूटपाट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार
नेब सराय थाना पुलिस ने चोरी की बाइक से आइफोन लूटने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों की पहचान संगम विहार निवासी आशीष खान (21), हासिम उर्फ मोमीन (20), सौरभ उर्फ बच्चा (21) और देवली निवासी सागर (20) के रूप में हुई है। इनकी निशानदेही पर लूटे गए चार आइफोन सहित 24 मोबाइल, पार्ट्स खोले गए 10 मोबाइल, चोरी की बाइक और एक लूट का पर्स बरामद किया गया। बदमाशों ने लूटपाट की 21 वारदातें कुबूल की है।
जासं, दक्षिणी दिल्ली : नेब सराय थाना पुलिस ने चोरी की बाइक से आइफोन लूटने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों की पहचान संगम विहार निवासी आशीष खान (21), हासिम उर्फ मोमीन (20), सौरभ उर्फ बच्चा (21) और देवली निवासी सागर (20) के रूप में हुई है। इनकी निशानदेही पर लूटे गए चार आइफोन सहित 24 मोबाइल, पार्ट्स खोले गए 10 मोबाइल, चोरी की बाइक और एक लूट का पर्स बरामद किया गया। बदमाशों ने लूटपाट की 21 वारदातें कुबूल की है।
दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त रोमिल बानिया ने बताया कि 13 दिसंबर को बाइकसवार तीन बदमाशों ने युवक के साथ लूटपाट की। बदमाशों को पकड़ने के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एसआइ विनय कुमार, हेडकांस्टेबल जयकुमार, सुशील और कांस्टेबल अनीश व दिनेश की टीम बनाई गई। बृहस्पतिवार को टीम को मुखबिर से सूचना मिली की लाल बाइक सवार दो युवक लूट की वारदात करने नेब सराय आने वाले हैं।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आशीष खान और हासिम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से बाइक बरामद की गई जिसे इन्होंने नेब सराय से चुराया था। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर सौरभ और सागर को दबोच लिया। बदमाशों ने बताया कि वह लूट के मोबाइल सागर को बेचते थे। सागर मोबाइल के पार्ट्स अलग करके बेचता था।