दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को निकलेगी धूप या कोहरा करेगा परेशान, जानिए दो फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम
Delhi Weather News Update दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। आकाश साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार 28 जनवरी से 31 जनवरी तक कई इलाकों में घना कोहरा पड़ेगा।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। दिन में आकाश साफ रहा। हालांकि सुबह और शाम को गलन बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिनों बारिश के बाद से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह और शाम लोग ठिठुरने पर मजबूर हैं।मौसम विभाग का यह भी कहना है कि अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।यानी शुक्रवार को भी धूप निकलने की उम्मीद है। दिन में ठंड से लोगों को राहत मिलेगी।
मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी से 31 जनवरी तक कई इलाकों में घना कोहरा पड़ेगा। जबकि एक और दो फरवरी को भी कोहरा पड़ने की उम्मीद है। 28 जनवरी से दो फरवरी तक न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि 29 जनवरी यानी शनिवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। यानी इस दिन ठंड का असर ज्यादा रहेगा। वहीं, 28 जनवरी से दो फरवरी तक अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बता दें कि मंगलवार को ठंड ने पिछले नौ साल का रिकार्ड तोड़ दिया था। अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया था। सुबह और शाम हल्का कोहरा भी पड़ रहा है।
खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा
दिल्ली में गुरुवार सुबह आठ बजे हवा की गुणवत्ता (AQI) खराब श्रेणी में रही। हवा की गुणवत्ता 264 दर्ज की गई।सफर इंडिया के अनुसार अभी दो दिन एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में ही रहेगा। फिर हवा की रफ्तार बढ़ने से वायु गुणवत्ता बेहतर होगी।