Tokyo Paralympics 2020: आज स्वदेश लौटेंगे मनीष नरवाल समेत 42 खिलाड़ी, पीएम मोदी से मुलाकात भी संभव
Tokyo Paralympics 2020 टोक्यो ओलिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज मनीष नरवाल के पिता दिलबाग सिंह नरवाल व माता संतोष देवी और भाई बहन भी मिलने दिल्ली एयरपोर्ट जाएंगे। 10 सितंबर को वह फरीदाबाद आएंगे। उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
नई दिल्ली/फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। टोक्यो पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल एवं रजत व कांस्य पदक अपने नाम करने वाले सिंहराज अधाना समेत 42 खिलाड़ी सोमवार को वापस लौटेंगे। इनमें स्टाफ के सदस्य भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम 4 बजे के बाद ये सभी खिलाड़ी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे। वहीं, फरीदाबाद के जागरण संवाददाता के मुताबिक, कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से खिलाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सीधे फरीदाबाद नहीं आएंगे। सात व आठ सितंबर को क्वारंटाइन रहने के बाद अशोका होटल दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सभी पदक विजेताओं की मुलाकात का कार्यक्रम है। उधर, पदक विजेताओं के स्वदेश लौटने पर फरीदाबाद से जुड़े खिलाड़ियों के परिवारों में खासा उत्साह है।
सिंहराज अधाना के छोटे भाई उधम सिंह अधाना ने बताया कि सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पूरा परिवार उनसे मिलने जाएगा। उन्हें देखे दो महीने हो गए हैं और टोक्यो जाते समय भी नहीं मिल पाए थे। 10 सितंबर को वह फरीदाबाद आएंगे। उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज मनीष नरवाल के पिता दिलबाग सिंह नरवाल व माता संतोष देवी और भाई बहन भी मिलने दिल्ली एयरपोर्ट जाएंगे।
दिलबाग सिंह ने बताया कि मनीष नरवाल 10 सितंबर को रोहतक (हरियाणा) और 11 को अपने गांव कथूरा जाएगा। वहां पर ग्रामीण मनीष नरवाल का स्वागत करेंगे। उसके बाद 12 को फरीदाबाद में स्वागत समारोह आयोजित होगा। रविवार को माता-पिता ने मनीष से फोन पर बातचीत इस बाबत जानकारी दी।
गौरतलब है कि टोक्यो पैरालिंपिक 2020 का एक दिन पहले रविवार को समापन हो गया। इस बार 24वें स्थान पर रहते हुए भारत ने कुल 19 पदक हासिल किए हैं। इससे पहले रियो पैरालंपिक में भारत ने महज चार पदक जीते थे। इस बार भारत ने 5 गोल्ड, 8 सिल्वर और 6 ब्रोंज के साथ कुल 19 मेडल जीते हैं।