Mantar Hate Speech Matter : पिंकी चौधरी को मिली राहत, सोमवार तक नहीं होगी गिरफ्तारी
Mantar Hate Speech Matter दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने पिंकी चौधरी के गिरफ्तारी पर सोमवार तक के लिए रोक लगा दी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस को पिंकी चौधरी की गिरफ्तारी को लेकर अपना पक्ष भी रखने के लिए कहा है।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली के जंतर मंतर पर 8 अगस्त को विवादित भाषण और आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में गिरफ्तारी से बच रहे आरोपित पिंकी चौधरी को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने पिंकी चौधरी के गिरफ्तारी पर सोमवार तक के लिए रोक लगा दी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस को पिंकी चौधरी की गिरफ्तारी को लेकर अपना पक्ष भी रखने के लिए कहा है। बता दें कि 8 अगस्त की शाम को जंतर मंतर पर कुछ संगठनों ने क्विट इंडिया मूवमेंट और अंग्रेजों के बनाए पुराने कानून वापस लेने के लिए धरना दिया था। इस दौरान इसमें से कुछ लोगों ने एक संप्रदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी की थी। इसके साथ आपत्तिजनक भाषण देने का भी आरोप है। वहीं, जंतर-मंतर पर भड़काऊ भाषण और नारे लगाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। वहीं, इंटरनेट मीडिया पर वायरल इस तस्वीर में हिंदू रक्षा दल का नेता पिंकी चौधरी अत्याधुनिक हथियारों के साथ बैठा नजर आ रहा है। उसने इस साल जेएनयू में हुई हिंसा मामले की जिम्मेदारी भी ली है।
उधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर समुदाय विशेष के खिलाफ हुई नारेबाजी के मामले में पुलिस को हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी की तलाश है। इस बीच, फरार पिंकी चौधरी की एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में वह कई ऑटोमैटिक हथियारों के साथ बैठा दिखाई दे रहा है। दूसरी ओर, ट्विटर पर तेजी के साथ #ArrestPinkyChaudhary ट्रेंड हो रहा है। दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानिये- पिंकी चौधरी के बारे में
- पिंकी चौधरी मूलरूप से गाजियाबाद का रहने वाला है।
- पिंकी वह हिंदू रक्षा दल नाम के एक संगठन से जुड़ा है।
- पिंकी चौधरी ने ही 2013 में यह संगठन बनाया था। पिछले साल तक इसके 1 लाख रजिस्टर्ड सदस्य थे। ज्यादातर सदस्य दिल्ली-एनसीआर से आते हैं।
- पिंकी चौधरी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश की थी।
- पिछले साल जेएनयू में हुई हिंसा की जिम्मेदारी भी पिंकी चौधरी ने ली है।