बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने वाला भगोड़ा 11 वर्ष बाद गिरफ्तार
नई दिल्ली जिले की तिलक मार्ग थाना पुलिस ने 11 वर्ष से फरार चल रहे भगोड़े शशि यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसने वर्ष 2003 में रकाबगंज गुरुद्वारा के समीप 14 वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत की थी।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। नई दिल्ली जिले की तिलक मार्ग थाना पुलिस ने 11 वर्ष से फरार चल रहे भगोड़े शशि यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसने वर्ष 2003 में रकाबगंज गुरुद्वारा के समीप 14 वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत की थी। घटना के बाद उसके खिलाफ संसद मार्ग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन, वह अदालत में सुनवाई में शामिल नहीं हो रहा था।
पटियाला हाउस कोर्ट ने वर्ष 2009 में भगोड़ा घोषित किया
लिहाजा पटियाला हाउस कोर्ट ने वर्ष 2009 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। नई दिल्ली के डीसीपी डा. ईश सिंघल ने बताया कि 14 वर्षीय पीड़िता बच्ची अपने परिवार के साथ रकाबगंज गुरुद्वारा में रह रही थी। वर्ष 2003 में वह नॉर्थ एवेन्यू इलाके में थी। वहां, शशि यादव और उसके साथी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार और अश्लीलता की थी।
पुलिस से छिपकर रह रहा था
इस घटना पर जांच पूरी होने पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दायर किया था। लेकिन, आरोपित शशि यादव पुलिस से छुपकर रह रहा था। वह सुनवाई में शामिल नहीं हो रहा था। अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शशि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला
तिलक मार्ग थाने के हेड कांस्टेबल अजीत सिंह को पता चला कि 26 जनवरी को शशि यादव अपने दोस्त से मिलने अशोक विहार इलाके में आने वाला है। जिसके बाद पुलिस ने भगोड़े को सत्यवती कॉलेज के समीप से धर दबोचा। शशि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला है। पुलिस से बचने के लिए वह ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।