Weather Forecast News Update: पढ़िये- दिल्ली-NCR में पूरे सप्ताह के मौसम का हाल, आखिर कब मिलेगी ठंड से राहत
Delhi Cold Weather उत्तर पश्चिमी हवा के साथ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र की बर्फबारी का असर लगातार दिल्ली-NCR तक पहुंच रहा है। ऐसे में अब अगले महीने फरवरी से ही ठंड से राहत मिलने के आसार बन रहे हैं।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता] राजधानी दिल्ली और एनसीआर में कंपकंपाने वाली सर्दी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के साथ ठंड का कहर जारी है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में कमी होने से ठंड लोगों को परेशान कर रही है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कंपकंप बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी ठिठुरन भरी ठंड और कोहरे का दौर जारी रहेगा, जहां तक सोमवार का पूर्वानुमान है तो आसमान साफ रहेगा। सुबह घना कोहरा होगा। कुछ इलाकों में ज्यादा ठंडक हो सकती है। वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत (Skymet Weather chief meteorologist Mahesh Palawat) ने बताया कि ठिठुरन भरी इस ठंड से अभी सप्ताह भर तक निजात मिलने के आसार नहीं हैं। किसी पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना भी नहीं है। उत्तर पश्चिमी हवा के साथ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र की बर्फबारी का असर लगातार दिल्ली तक पहुंच रहा है। अब अगले महीने फरवरी से ही ठंड से राहत मिलने के आसार बन रहे हैं।
वहीं, ठिठुरन भरी ठंड का आलम यह है कि रविवार को अधिकतम तापमान ने पिछले एक दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 24 जनवरी का दिन 10 सालों में सबसे सर्द रहा। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2012 से अभी तक 24 जनवरी की तारीख का यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। 2012 में यह 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। रिज एरिया रविवार को सबसे ठंडा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस था। हवा में नमी का स्तर 84 से 100 फीसद दर्ज हुआ।
100 मीटर तक रही दृश्यता
कंपकंपाहट भरी ठंड के बीच रविवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर भी व्यापक स्तर पर प्रभावित हुआ। पालम में 100 जबकि सफदरजंग में 200 मीटर तक रहा। सोमवार की सुबह भी घना कोहरा रहने की संभावना है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो