Happy Bhai Dooj 2020: दिल्ली से बाहर जाने के लिए बस अड्डों पर उमड़े लोग, हो रही धक्का-मुक्की
Happy Bhai Dooj 2020 त्योहार मनाने जा रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों की संख्या बढ़ने के बावजूद यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही। चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की हो रही है। कई बसों में यात्री खचाखच भरे नजर आए।
नई दिल्ली [आशीष गुप्ता]। Happy Bhai Dooj 2020: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देशभर में सोमवार को भैया दूज मनाया जा रहा है। भैया दूज पर सोमवार सुबह से बसों में भीड़ है। त्योहार मनाने जा रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों की संख्या बढ़ने के बावजूद यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही। चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की हो रही है। कई बसों में यात्री खचाखच भरे नजर आए। वहीं, बसों में आवाजाही के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर जारी किए गए दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ती दिखाई दीं।
पूर्वी दिल्ली स्थित आनंद विहार बस अड्डे पर सोमवार सुबह छह बजे से ही यात्रियों की भीड़ है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और उत्तराखंड रोडवेज की बसें पूरी तरह पैक होकर चल रही हैं। हाल यह है कि भीड़ के कारण हर यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग नहीं कर पा रहे हैं। कोरोना संक्रमण काल में ऐसी ढिलाई खतरनाक साबित हो सकती है। यही नहीं, यात्रियों के दबाव को देखते हुए कम ठहराव के बाद बसों को रवाना किया जा रहा है। ऐसे हर बस को सैनिटाइज करना भी संभव नहीं हो पा रहा।
नंद नगरी में रहने वाले मुकेश भार्गव ने बताया कि वह सहारनपुर के लिए सुबह पांच बजे ही बस पकड़ने को आनंद विहार बस अड्डा आ गए थे, लेकिन बस नहीं होने के कारण इंतजार करना पड़ा। सुबह सवा छह बजे बस आई, जिसमें बड़ी मुश्किल से चढ़ पाया। यात्रियों की भीड़ चढ़ने के लिए बस पर टूट पड़ी।
गाजीपुर के रहने वाले एक यात्री शरद दीक्षित ने बताया कि अलीगढ़ में रह रही बहन के पास जाने के लिए वह साढ़े पांच बजे से बस का इंतजार कर रहे थे। साढ़े छह बजे पहले बस आई, जिसमे चढ़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच कोरोना वायरस संक्रमण का डर भी सता रहा है, हालांकि बचने की पूरी कोशिश कर रहा हूं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो