Delhi Metro News: सावधान! मेट्रो स्टेशन पर न करें ये गलती, दिल्ली पुलिस कर रही भारी-भरकम चालान
Delhi Metro News दिल्ली पुलिस ने अभियान के तहत पिछले 6 दिनों के दौरान दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं करने के साथ मास्क नहीं पहनने वाले 144 लोगों का चालान किया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। Delhi Metro News: देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में इजाफे के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती भी शुरू हो गई है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने भी मेट्रो यात्रियों को सबक सिखाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। इसके लिए पुलिस ने मेट्रो स्टेशन पर अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत पिछले 6 दिनों के दौरान दिल्ली पुलिस ने शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं करने के साथ मास्क नहीं पहनने वाले 144 लोगों का चालान किया है। इन सभी पर कोरोना के चलते बनाए गए नियमों का तोड़ने का आरोप है।
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत मेट्रो स्टेशन के आसपास नियम तोड़ने वालों पर चालान करने की कार्रवाई की जा रही है। ऐसे यात्री या लोग जो मास्क नहीं लगा रहे हैं या फिर शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनका चालान किया जा रहा है।
जितेंद्र मणि, पुलिस उपायुक्त, मेट्रो (Jitendra Mani, Deputy Commissioner of Police, Metro) का कहना है कि 6 दिनों के दौरान दिल्ली पुलिस कर्मियों ने अपने अभियान के दौरान 3691 ट्रेनों की जांच पड़ताल की। इस दौरान मास्क नहीं लगाने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करने पर 144 लोगों के चालान किए गए।
दिल्ली पुलिस ने की यात्रियों से गुजारिश
दिल्ली पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों से गुजारिश भी की है कि वे नियमों का पालन करें। चाहे वे ट्रेन के भीतर हों या फिर अन्य किसी सार्वजनिक स्थल पर।
बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे और प्रभाव को देखते हुए दिल्ली मेट्रो का संचालन 22 मार्च से बंद कर दिया गया था। इसके बाद सितंबर के प्रथम सप्ताह से मेट्रो का संचालन दोबारा शुरू हुआ है, जिसके लिए नियमों में कई बदलाव किए गए हैं।
यात्रियों के लिए ये हैं नियम
- मास्क पहनना होगा।
- शारीरिक दूरी का नियम मानना अनिवार्य है।
- यात्री को अपने मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना होगा।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो