Delhi Crime News: एसडीएमसी के बेलदार ने एग्जक्यूटिव इंजीनियर पर चलाई गोली
बुधवार को हौज खास स्थित एमसीडी के ऑफिस में एक बेलदार ने एग्जक्यूटिव इंजीनियर सुनील गहलौत पर गोली चला दी।
नई दिल्ली [अरविंद कुमार द्विवेदी]। दक्षिण दिल्ली नगर निगम (South Delhi Municipal Corporation) के गुलमोहर पार्क स्थित दफ्तर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बेलदार (कर्मचारी) ने एग्जक्यूटिव इंजीनियर पर गोली चला दी। घायल इंजीनियर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जागरण संवाददाता के मुताबिक, बुधवार को हौज खास स्थित एमसीडी के ऑफिस में एक बेलदार ने एग्जक्यूटिव इंजीनियर सुनील गहलौत पर गोली चला दी, हालांकि गोली मिस कर गई। इस पर उसने हथियारों से हमला करने की कोशिश की।
मिली जानकारी के मुताबिक, हौजखास पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि गुलमोहर पार्क में बुधवार दोपहर में फायरिंग हुई है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले शख्स का नाम मनोज मंडल है, वह किसी बात को लेकर एग्जक्यूटिव इंजीनियर से खफा था। वह बुधवार को शिकायत करने के लिए दफ्तर पहुंचा था। पीड़ित सुनील गहलोत के मुताबिक, बातचीत के दौरान मनोज मंडल ने उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली मिस कर गई। इसके बाद मनोज मंडल ने सिर पर हथियार से हमला किया। इसके बाद हवाई फायरिंग करता हुआ वहां से भाग गया।
वहीं, दक्षिणी दिल्ली जिले की नारकोटिक्स स्क्वायड ने मोबाइल चोरी के आरोपित को गिरफ्तार कर उससे छह मोबाइल बरामद किए हैं। उसकी पहचान राजेंद्र थापा के रूप में हुई है। मूलरूप से नेपाल का रहने वाला आरोपित मालवीय नगर में रहता है। वह नशे का आदी है। आरोपित पहले मालवीय नगर में एक ढाबे पर काम करता था।दक्षिणी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोबाइल चोर चिराग दिल्ली मेट्रो स्टेशन के पास मोबाइल बेचने के लिए आने वाला है। उसके आते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। उस पर मालवीय नगर थाने में पांच मामले दर्ज हैं।