JNU sedition case: मनोज तिवारी ने कहा- कन्हैया पर मुकदमे की अनुमति दे दिल्ली सरकार
मनोज तिवारी ने छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की सरकार से अनुमति देने की मांग की है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भाजपा ने दिल्ली सरकार से देश विरोधी नारे लगाने के आरोपित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति देने की मांग की है। कोर्ट ने आज बुधवार को इस मामले में सुनवाई के बाद दिल्ली सरकार को जल्द ही स्टेस्ट रिपोर्ट जारी करने को कहा है। इसके बाद से केस में तेजी आ गई है। इधर, दिल्ली पुलिस ने भी केजरीवाल सरकार से जल्द इजाजत मांगी है।
मनोज तिवारी ने साधा निशाना
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अदालत ने दिल्ली सरकार को देश विरोधी नारे लगाने के आरोपितों के खिलाफ मुकदमे की स्टेट्स रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आज तक टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुमति नहीं दी गई जिससे देश विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा यह चिंता की बात
भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की वजह से देश विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा नहीं चल सका है। यह चिंता की बात है। दिल्ली पुलिस ने कन्हैया कुमार और उनके साथियों के विरुद्ध जनवरी 2019 में पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दिल्ली सरकार से मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी थी। एक साल बाद भी अनुमति नहीं मिली है जिससे आरोपितों के खिलाफ मुकदमा नहीं चल सका है। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस मामले में तुरंत अनुमति देने की अपील की है।
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने जेएनयू देशद्रोह प्रकरण में पिछले साल 14 जनवरी को आरोपपत्र दायर किया था। इसमें जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार सहित अन्य छात्रों को आरोपित बनाया गया था। हालांकि अभी तक दिल्ली सरकार से इस आरोपपत्र पर मुकदमा चलाने की मंजूरी नहीं मिली है।