लालकिला घूमने आने वालों को मिलेगी नई सुविधा, चलेंगी बैट्री कार और रिक्शे
केंद्रीय मंत्री ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआइ) के अधिकारियों से कहा कि स्मारकों में पर्यटकों की संख्या के लिहाज से सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए।
नई दिल्ली, जेएनएन। लालकिले में पर्यटकों की संख्या के मुताबिक सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। इसके साथ ही जरूरत के मुताबिक ई रिक्शा भी चलाए जाएं। यह बात केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने कही है। वह रविवार को लालकिला का निरीक्षण करने पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआइ) के अधिकारियों से कहा कि स्मारकों में पर्यटकों की संख्या के लिहाज से सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। जिस क्षेत्र में पर्यटक अधिक भ्रमण करते हैं, उस क्षेत्र में अधिक सुविधाएं होनी चाहिए।
सुविधाओं के साथ टिकट काउंटरों को किया निरीक्षण
लालकिला में डालमिया कंपनी के पिछड़ रहे कार्य को लेकर उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से कहा कि वह बताएं कि अड़चन कहां आ रही है। इस बीच करीब दो घंटे तक परिसर में घूमकर उन्होंने सुविधाओं के साथ ही टिकट काउंटरों का निरीक्षण किया। वह उस स्थान पर भी पहुंचे, जहां से झंडारोहण किया जाता है। उनके साथ एएसआइ और पर्यटन मंत्रलय के अधिकारी मौजूद थे।
छत्ता बाजार के सरंक्षण कार्य से प्रभावित थे मंत्री
छत्ता बाजार के संरक्षण कार्य को देखकर केंद्रीय मंत्री काफी प्रभावित हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एएसआइ के काम की प्रशंसा की जानी चाहिए। अच्छे कार्य की वजह से अब एएसआइ के प्रति लोगों की धारणा बदल रही है। भारतीय संस्कृति और विरासत के बारे में लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।
लोगों की सहूलियत के लिए चले बैट्री वाली कार और रिक्शे
उन्होंने अधिकारियों को सुझाव दिया कि लालकिला परिसर बड़ा होने की वजह से यहां बच्चों, बुजुर्गो और महिलाओं के लिए ई-रिक्शा और बैट्री कार की व्यवस्था की जानी चाहिए। इससे उन्हें लालकिला घूमने में आसानी होगी। मंत्री के आगमन पर कई साल बाद लालकिला स्थित शाही हमाम को खोला गया। हमाम में फर्श पर लगे संगमरमर के पत्थर खराब होने की आशंका के चलते इसे कई साल पहले बंद कर दिया गया था।
केंद्रीय मंत्री ने एएसआइ के अधिकारियों से कहा कि पर्यटन स्थलों में विदेशी सैलानियों का ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि विश्व पटल पर देश की बेहतर छवि बने।
किसी भी पर्यटक न हो परेशानी
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सीआइएसएफ व एएसआइ के सुरक्षा गार्डो को मंत्रीजी को रास्ता देने के लिए लोगों को हटाने पर उन्होंने कहा कि किसी भी पर्यटक को परेशानी नहीं होनी चाहिए।