दिल्ली में गैंगवारः गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी गीता कॉलोनी, 6 बदमाश घायल
Gang War in delhi पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी में दो गुटों में गोली चलने से हड़कंप मचा गया। फिलहाल पुलिस मौके पर है।
नई दिल्ली, जेएनएन। गीता कॉलोनी इलाका रविवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। सट्टे में अपना वर्चस्व कायम करने को लेकर पिस्टल, लाठी, डंडों से लैस दो गिरोह के बदमाशों के बीच सर्विस रोड पर खूनी सघर्ष हुआ। अचानक से हुई गोलीबारी से रोड पर भगदड़ मच गई। दोनों ओर से हुई गोलिबारी में छह बदमाश घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पताल लोक नायक, हेडगेवार और लाल बहादुर शास्त्री में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने जुबैर नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। इस मामले पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
बदमाशों के बीच गैंगवार
रात साढ़े सात बजे दोनों गिरोह के बदमाशों के बीच गैंगवार हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस को गीता कॉलोनी 16 ब्लॉक की सर्विस रोड से 20 से ज्यादा खोखे के अलावा खून से सने डंडे और लोहे की रोड मिली। सड़क पर जगह-जगह खून बिखरा पड़ा हुआ था। इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
सूत्रों की माने तो गैंगवार में जुबैर, नासिर, प्रिंस और बड़े नामक बदमाश ने एक दूसरे के गिरोह के बदमाशों पर गोलियां चलाई। इसमें छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अला अधिकारी तीन लोगों के घायल होने की पुष्टी कर रहे हैं, जबकि मौके पर जांच कर रही टीम की माने तो छह लोग घायल हुए हैं। इस गोलीबारी में अमित की टांग में और जितेंद्र के पेट में गोली लगी है। दोनों ही अलग अलग अस्पताल में भर्ती हैं।
सट्टे पर वर्चस्व को लेकर हुआ गैंगवार
सूत्रों के अनुसार, दोनों ही गिरोह के बदमाश गीता कॉलोनी में रेहड़ी पटरी लगवाने का काम करने के साथ ही सट्टे का काम करते हैं। दोनों ही गिरोह के बीच सट्टे के वर्चस्व को लेकर काफी समय से तनातनी चली आ रही थी, रविवार को खूनी संघर्ष के रूप में सामने आई। वहीं पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी की माने तो कुछ लोगों का रविवार शाम सब्जी मंडी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, रात को यह आमने सामने आ गए। गोली चलाकर फरार हो रहे बदमाश जुबैर को इलाके में गश्त कर रहे बीट कांस्टेबल ने दबोच लिया। पुलिस को एक गली में सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसके आधार पर वह बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
इलाके में दहशत का माहौल
बदमाशों के बीच हुई गोली बारी से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। गोलियां चलते ही राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर बंद किए तो कुछ अपनी जान बचाने के लिए दुकाने खुली छोड़कर भाग गए। जिस जगह पर गोलियां चली, वहां से पुलिस को एक दिव्यांग की छड़ी भी मिली है। स्थानीय लोगो की माने तो कुछ बदमाश सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के पीछे घात लगाकर बैठे थे, जैसे ही दूसरे गुट के बदमाश वहां पहुंचे वैसे ही दोनों और से गाेलियां चलने लगी।