जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री की गुरुग्राम के अस्पताल में हुई सर्जरी
महबूबा मुफ्ती को शुक्रवार शाम चार बजे मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह 11 बजे उनकी सर्जरी की गई है।
नई दिल्ली/गुरुग्राम, जेएनएन। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता मेडि सिटी अस्पताल में जम्मू एवं कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की शनिवार को सर्जरी हुई। उन्हें पित्त की थैली (गॉल ब्लैडर स्टोन) में पथरी की शिकायत थी।
इससे पहले महबूबा मुफ्ती को शुक्रवार शाम चार बजे मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह 11 बजे उनकी सर्जरी की गई है। जनरल सर्जन डॉ. आदर्श चौधरी की देखरेख में उन्हें दाखिल किया गया था।
बताया जा रहा है कि उन्हें आइसीयू में शिफ्ट किया गया है और उनका स्वास्थ्य बेहतर है। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पिछले कई महीने से मेदांता में जांच कराने आती रही हैं, लेकिन ज्यादा परेशानी बढ़ने के कारण अचानक उन्हें शुक्रवार को दाखिल कराया गया। डॉक्टरों ने शनिवार को सर्जरी करने को कहा था।