हिदू राव अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर रोजाना तीन घंटे करेंगे हड़ताल
नगर निगम के सबसे बड़े हिदू राव अस्पताल में वेतन नहीं मिलने के कारण रेजिडेंट डॉक्टरों ने एक बार फिर तीन घंटे काम नहीं करने की घोषणा कर दी है। इस वजह से अस्पताल में 16 मई से हड़ताल रहेगी। इस कारण अस्पताल में ओपीडी इमरजेंसी सेवाएं व मरीजों का ऑपरेशन प्रभावित होगा। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ेगा। अस्पताल रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) का कहना कि वेतन की मांग पर अमल नहीं होने और अस्पताल प्रशासन व निगम अधिकारियों के बीच बातचीत में मामले का हल नहीं निकल पाने के कारण काम रोकने को मजबूर हो रहे हैं।
-तीन माह से रेजिडेंट डॉक्टरों को नहीं मिला है वेतन
-ओपीडी, इमरजेंसी सेवाएं
रहेंगी प्रभावित
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
नगर निगम के सबसे बड़े हिदू राव अस्पताल में वेतन नहीं मिलने के कारण रेजिडेंट डॉक्टरों ने एक बार फिर से तीन घंटे काम नहीं करने की घोषणा कर दी है। इस कारण अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी सेवाएं व मरीजों का ऑपरेशन प्रभावित होगा। अस्पताल रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) का कहना कि वेतन की मांग पर अमल नहीं होने और अस्पताल प्रशासन व निगम अधिकारियों के बीच बातचीत में मामले का हल नहीं निकल पाने के कारण काम रोकने को मजबूर हो रहे हैं।
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजीव चौधरी ने कहा कि इस मामले पर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से बातचीत की गई। उन्होंने साफ कह दिया कि फंड नहीं है। 15 फरवरी तक का वेतन मिल चुका है। 1200 बेड के इस अस्पताल में करीब 500 रेजिडेंट डॉक्टर हैं। मामले की जानकारी उत्तरी दिल्ली नगर निगम को भी है। फिर भी वेतन भुगतान नहीं किया गया। लिहाजा यह तय किया गया है कि 16 से 23 मई तक सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक रेजिडेंट डॉक्टर विरोध प्रदर्शन करेंगे। दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद रेजिडेंट डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद होंगे। उन्होंने कहा कि वैसे तो अस्पताल में कई मुद्दे हैं। सातवें वेतन आयोग का एरियर भी अभी तक नहीं मिला। इमरजेंसी में मरीजों को दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। यदि जल्द वेतन नहीं दिया गया तो 24 मई से रेजिडेंट डॉक्टर अस्पताल में पूरी तरह इलाज ठप कर देंगे। इससे पहले भी वेतन नहीं मिलने के कारण डॉक्टर हड़ताल कर चुके हैं।