ईवीएम में खराबी से कई केंद्रों पर देर से शुरू हुआ मतदान
मतदान के लिए लोग सुबह से मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे लेकिन कई जगहों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी मतदान में आड़े आई। मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केंद्रों पर मॉक पोल के दौरान वीवीपैट व ईवीएम खराब हो गई। इस वजह से 77
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : मतदान के लिए लोग सुबह से मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे, लेकिन कई जगहों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी मतदान में आड़े आई। मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केंद्रों पर मॉक पोल के दौरान वीवीपैट व ईवीएम खराब हो गई। इस वजह से 778 वीवीपैट, 141 कंट्रोल यूनिट व 228 बैलेट यूनिट बदलनी पड़ी। इसके बाद मतदान शुरू हुआ। इसके अलावा कई जगहों पर मतदान के दौरान भी ईवीएम में गड़बड़ी की घटनाएं सामने आईं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह ने कहा कि मतदान के दौरान आठ फीसद वीवीपैट बदली गईं। यदि संख्या की बात करें तो 450 वीवीपैट, 40 कंट्रोल यूनिट और 77 बीयू (बैलेट यूनिट) बदली गईं। उन्होंने कहा कि ईवीएम में ज्यादातर खराबी की शिकायतें चांदनी चौक और पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र से मिलीं। खासतौर पर वीवीपैट में खराबी की शिकायतें ज्यादा मिली। क्योंकि वीवीपैट एक प्रिटर है, जो नई मशीन हैं। नई तकनीक होने के चलते कुछ गड़बड़ी होना संभव है। शिकायतें मिलने के बाद उसे तुरंत बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि 40 फीसद ईवीएम रिजर्व रखी गई थीं।
बहरहाल, ईवीएम में खराबी के कारण उत्तर पश्चिमी संसदीय क्षेत्र के प्रेम नगर डीएसएम स्कूल स्थित पोलिग बूथ पर डेढ़ घंटे देर से मतदान शुरू हुआ। इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली के भाटी माइंस में सुबह एक घंटा 45 मिनट की देरी से मतदान शुरू हुआ। वहीं कालकाजी के भूमिहीन कैंप में थोड़ी देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ। ईस्ट ऑफ कैलाश सुबह में 8.30 बजे मतदान शुरू हो पाया।
मतदान किए बगैर वापस लौट गए मतदाता
रोहिणी सेक्टर-6, पॉकेट -4 में बूथ नंबर 98 पर ईवीएम एक घंटा से अधिक समय तक खराब रही। इसलिए काफी मतदाता बिना वोट डाले वापस घर लौट गए। हालांकि ईवीएम बदलने के बाद लोगों को वापस बुलाकर मतदान कराने का दावा किया जा रहा है। मॉडल टाउन के कल्याण विहार पोलिग स्टेशन के पास स्थित जेजे कॉलोनी में भी सुबह में 7 बजे मॉक पोल के दौरान ईवीएम मशीन खराब हो गई। वहीं पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के सात बूथों पर सुबह में ईवीएम मशीन खराब हो गई थी। इन मशीनों को बदला गया। इसके अलावा 14 अन्य बूथों पर वीवीपैट में खराबी आई थी।