Weather Report: मतदान के बीच आज करवट लेगा मौसम भी, जानें इसके पीछे की बड़ी वजह
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम को बादलों की गड़गड़ाहट हो सकती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। lok Sabha election 2019: आम चुनाव-2019 के तहत दिल्ली की सातों सीटों (नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, चांदनी चौक) पर वोट डाले जा रहे हैं। लोकतंत्र के महापर्व को मनाने के लिए दिल्लीवासियों का मौसम भी साथ दे रहा है। दरअसल रविवार को दिनभर गर्मी ज्यादा परेशान नहीं करेगी। इसके कारण धूप में नहीं होगी इसका दिल्लीवासी फायदा उठाकर जमकर मतदान कर सकते हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम को बादलों की गड़गड़ाहट हो सकती है। इससे तापमान भी नियंत्रित रहेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हालांकि शनिवार को गर्मी के तेवर थोड़े ढीले रहे। सूरज तो सुबह ही निकल गया था, लेकिन हल्के बादलों के साथ आंख मिचौली खेलता रहा। जिससे लोगों को खास दिक्कत नहीं हुई। अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार रात तेज हवा के साथ हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। इससे रविवार को भी गर्मी से कुछ राहत रहेगी।
एयर इंडेक्स खराब स्तर पर
दिल्ली की हवा में धूल कणों की बढ़ोतरी के चलते वायु गुणवत्ता की हालत अभी भी खराब बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 250 रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) की सक्रियता की वजह से शनिवार को दोपहर बाद धूल भरी आंधी चल सकती हैं। इस बीच तीस किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चल सकती है। बूंदाबांदी के भी आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 13, 14, 15 और 16 मई को बारिश भी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
सुबह भी होने लगी है गर्म
दिल्ली की सुबह भी शनिवार को खासी गर्म रही। औसत न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। वर्ष 2011 के बाद 10 मई के दिन पहली बार न्यूनतम तापमान में इतना अधिक इजाफा हुआ है। वर्ष 2011 में दस मई को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। दिन में कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी जैसी स्थिति भी बनी रही। शनिवार को भी ऐसे ही हालात रहने के आसार हैं।
देश में सबसे प्रदूषित रहा गाजियाबाद का लोनी
गाजियाबाद का वायु प्रदूषण शनिवार को हवा की गति कम होने के कारण से बेहद खतरनाक स्थिति पर पहुंच गया। शनिवार को गाजियाबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स 331 और लोनी का 332 दर्ज किया गया। लोनी देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। हवा की गति शनिवार को आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिसके कारण वायुमंडल में धूल के सूक्ष्म और मोटे कण जमा रहे। इसका असर वायु प्रदूषण पर साफ देखा गया। दोपहर में हवा की गति थोड़ी बढ़ी इसके बावजूद भी वायु प्रदूषण की मात्र खास प्रभावित नहीं हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार एयर क्वालिटी इंडेक्स 331 दर्ज किया गया। वहीं पीएम-10 331 व पीएम 2.5- 288 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप