लोकसभा चुनाव: भाजपा के मनोज तिवारी ने फिर की सपना से मुलाकात, अब कुमार में भी 'विश्वास'
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी का भाजपा में शामिल होने को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने एक सप्ताह में दूसर ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी का भाजपा में शामिल होने को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने एक सप्ताह में दूसरी बार उनके साथ मुलाकात की। बताते हैं कि वह भाजपा उम्मीदवारों के लिए कुछ लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार कर सकती हैं। वहीं, प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास को भी वह भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
कांग्रेस की सदस्यता लेने की बात से इन्कार करने के बाद हरियाणवी डांसर की भाजपा में शामिल होने की अटकलें लग रही हैं। रविवार की रात तिवारी ने उनके घर जाकर मुलाकात की। लगभग डेढ़ घंटे तक दोनों के बीच बात हुई और साथ में भोजन भी किया।
तिवारी ने कुछ दिनों पहले कहा था कि 30 मार्च तक सपना के सियासी भविष्य के बारे में फैसला हो जाएगा, लेकिन उनकी दूसरी मुलाकात के बाद भी तस्वीर साफ नहीं हुई है। वहीं, आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल व अरविंंद केजरीवाल के निकट सहयोगी रहे कुमार विश्वास को भी भाजपा के साथ जोड़ने की कवायद चल रही है। उनसे भी दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मुलाकात करने वाले हैं।
पहले चरण के लिए 34 स्थानों पर करेंगे चुनावी सभा मनोज तिवारी
तीन अप्रैल से दूसरे राज्यों में भाजपा उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। पहले चरण में जिन सीटों पर चुनाव है वहां के भाजपा उम्मीदवारों के लिए वह चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। तीन से नौ अप्रैल तक देश के अलग-अलग राज्यों में उनकी 34 चुनावी सभाएं निर्धारित हैं।
दिल्ली के लिए भाजपा का होगा अलग संकल्प पत्र
पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा दिल्ली के लिए अलग से संकल्प पत्र जारी करेगी। केंद्रीय नेतृत्व से इस बारे में निर्देश मिलने के बाद इसपर जल्द काम शुरू हो रहा है। बताया जाता है कि संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना, आर्थिक आधार पर आरक्षण, महिला सुरक्षा आदि मुद्दों को शामिल किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।