केजरीवाल पर भाजपा ने कराया सर्वे, विजय गोयल ने शिक्षा और स्वास्थ्य पर कही ये बात
दिल्ली सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर ट्विटर पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आप सरकार ने चार साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के पूर्ण राज्य के दर्जे को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के बीच ट्विटर पर जंग छिड़ गई है। दिल्ली सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर ट्विटर पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आप सरकार ने चार साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि मोदी जी ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? साहिब सिंह जी और खुराना जी, दोनों पूर्ण राज्य के लिए लड़े।
दिल्ली वालों का हुआ अपमान
आडवाणी जी संसद में कानून लेकर आए पर मोदी सरकार ने धोखा दिया। पिछले चार साल में मोदी सरकार ने दिल्ली वालों का काफी अपमान किया। अब जनता इसका जवाब देगी। इसके बाद विजय गोयल ने फिर ट्वीट किया कि अरविंद केजरीवाल पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद दिल्ली का विकास नहीं बल्कि ज्यादा पावर आने के बाद उसका दुरुपयोग करेंगे। यह हमारे सर्वे बताते हैं। वरना स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कें, यातायात जैसे क्षेत्रों में कुछ विकास तो किया होता। इस पर केजरीवाल ने कड़ा प्रहार किया।
पूछा- सरकार को पावर देने वाले आप कौन
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि गोयल साहब आप जनता का अपमान कर रहे हैं। आप जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को जनता का काम करने की शक्तियां नहीं देंगे। मतलब? आप होते कौन हैं शक्तियां देने वाले। भारत जनतंत्र भाजपा वालों की वजह से नहीं, शहीदों की कुर्बानियों से बना है।
भाजपा को दिया चैलेंज
दिल्ली के लोग जनतंत्र लेकर रहेंगे। भाजपा में दम हो तो रोक ले। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता ने ट्वीट किया कि पूर्ण राज्य के दर्जे पर आपकी बात को पहले भी जनता पूरी तरह नकार चुकी है। आम चुनाव से पहले भ्रमित करने के प्रयासों को जनता पुन: अस्वीकार कर देगी। इस पर अरविंद केजरीवाल ने विजेंद्र गुप्ता से ही सवाल पूछ लिया। उन्होंने ट्वीट किया कि तो क्या भाजपा दिल्ली के लोगों को पूर्ण राज्य देने के खिलाफ है? हां या ना?
दिल्ली में ईमानदार सरकार है
सीएम दिल्ली सरकार के वन मंत्री इमरान हुसैन द्वारा छतरपुर में अतिक्रमण हटाए जाने पर भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर क्षेत्र के माफिया को खत्म कर रही है। अब दिल्ली में ईमानदार सरकार है। इन सभी माफिया की पहले भाजपा और कांग्रेस की सरकार से मिलीभगत थी।