दिल्ली पुलिस नौ घंटे तक करती रही इंतजार, उमर खालिद के हमलावरों ने नहीं किया सरेंडर
फेसबुक पर वीडियो डाल गांव सराभा में सरेंडर करने का दावा करने वाले आरोपितों का पुलिस यहां नौ घंटे तक इंतजार करती रही, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
गगनदीप रत्न, लुधियाना। दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिर्वसिटी (जेएनयू) के छात्र नेता उमर खालिद पर गोली चलाने वाले नवीन दलाल व दरवेश शाहपुर की तलाश में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की टीम सुबह सात बजे लुधियाना पहुंची। फेसबुक पर वीडियो डाल गांव सराभा में सरेंडर करने का दावा करने वाले आरोपितों का पुलिस यहां नौ घंटे तक इंतजार करती रही, लेकिन वे नहीं पहुंचे। हालांकि इस दौरान डेहलों व गांव सराभा में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। आरोपितों का कुछ पता नहीं चला।
दिल्ली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर प्रमोद चौहान के साथ 40 मुलाजिम शामिल थे। इनका नेतृत्व पंजाब पुलिस ने किया। पुलिस मुलाजिमों फिरोजपुर रोड, पक्खोवाल और डेहलों रोड पर सिविल ड्रेस में तैनात किए गए थे, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। लेकिन उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया, क्योंकि आरोपित सरेंडर करने आए ही नहीं। इसके बाद शाम चार बजे दिल्ली पुलिस खाली हाथ वापस लौट गई।
हमले की जिम्मेदारी ली थी : चार दिन पहले जेएनयू दिल्ली में देश विरोधी नारा लगाने वाले छात्र नेता उमर खालिद पर दो लोगों ने गोलियां चला दी थीं। इसके बाद आरोपित नवीन और दरवेश ने फेसबुक पर वीडियो डालकर उक्त गोलीकांड की जिम्मेदारी ली थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि वह 17 अगस्त को गांव सराभा में सरेंडर करेंगे। इसलिए दिल्ली पुलिस आरोपितों की तलाश में यहां पहुंची थी।