विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजादपुर गोलचक्कर पर लगेगी अटल बिहारी वाजपेयी की 15 फीट ऊंची कांस्य की प्रतिमा, PWD ने जारी किया टेंडर

Published: Tue, 14 Jul 2026 09:49 PM (IST)

दिल्ली सरकार उत्तरी दिल्ली के आजादपुर गोलचक्कर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 15 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित ...और पढ़ें

आजादपुर गोलचक्कर पर लगेगी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा।

आजादपुर गोलचक्कर पर लगेगी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा।

HighLights

  1. आजादपुर गोलचक्कर पर स्थापित होगी अटल बिहारी वाजपेयी की 15 फीट ऊंची प्रतिमा।

  2. परियोजना में गोलचक्कर का व्यापक सुंदरीकरण और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था शामिल।

  3. फुटओवर ब्रिज की मरम्मत भी होगी, तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। सरकार उत्तरी दिल्ली के आजादपुर गोलचक्कर पर उनकी 15 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित करेगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने टेंडर जारी कर दिया है। परियोजना पर काम शुरू होने पर तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रतिमा स्थापना के साथ-साथ आजादपुर गोलचक्कर का व्यापक सुंदरीकरण भी किया जाएगा। योजना के तहत आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, भूनिर्माण (लैंडस्केपिंग) और समीप स्थित फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की मरम्मत एवं सुंदरीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के अनुसार करीब 1,500 किलोग्राम वजनी कांस्य प्रतिमा का निर्माण उच्च गुणवत्ता वाली तकनीक और स्वीकृत इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप किया जाएगा। विभाग प्रतिमा के डिजाइन, निर्माण और स्थापना के लिए एक निजी एजेंसी का चयन करेगा।

आजादपुर गोलचक्कर राजधानी के प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल 

आजादपुर गोलचक्कर राजधानी के प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल है। यहां स्थित फुटओवर ब्रिज का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जीटी करनाल रोड, दिल्ली-मुल्तान रोड और महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड) को पार करने के लिए करते हैं। इसलिए एफओबी के जीर्णोद्धार को भी इस परियोजना का हिस्सा बनाया गया है।

अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक और देश के पहले भाजपा प्रधानमंत्री थे। उनकी प्रतिमा स्थापना को उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का हुआ था अनावरण

गौरतलब है कि इससे पहले इस वर्ष मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया था। वहीं, मई 2025 में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विधानसभा परिसर में वीर सावरकर, महर्षि दयानंद सरस्वती और पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्र स्थापित कर स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान दिया था।

यह भी पढ़ें- ऐतिहासिक इमारतों पर नहीं हो सकेगा अवैध निर्माण, MCD शुरू करेगा जियो टैगिंग की प्रक्रिया