केन विलियमसन ने बदल दिया न्यूजीलैंड क्रिकेट का इतिहास, वर्ल्ड कप में बना डाले इतने रन
ICC Cricket World Cup 2019 India vs New Zealand Semi Final न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने अपनी टीम के लिए इतिहास रच दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। ICC Cricket World Cup 2019 India vs New Zealand Semi Final: न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने अपनी टीम के लिए वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है। केन विलियमसन न्यूजीलैंड की ओर से एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
टीम इंडिया के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 के पहले सेमीफाइनल में मैनचेस्टर के ओल्ड टैफर्ड में 67वां रन बनाते ही केन विलियमसन न्यूजीलैंड के लिए एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। केन विलियमसन ने इस वर्ल्ड कप में 9 मैचों में 548 रन बनाए हैं। हालांकि, इसी के बाद वे आउट हो गए।
केन विलियमसन से पहले एक वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड मार्टिन गप्टिल के नाम था। मार्टिन गप्टिल ने साल 2015 के वर्ल्ड कप में 547 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक शामिल थे। इसके अलावा वर्ल्ड कप 2015 में मार्टिन गप्टिल के बल्ले से एक दोहरा शतक भी निकला था।
India vs New Zealand Semi Final World Cup 2019 Match Live Update
वर्ल्ड कप 2019 में केन विलियमसन ने 10 मैचों की 8 पारियों में 91.33 के औसत से 548 रन बनाए हैं। केन विलियमसन ने इस वर्ल्ड कप में 2 शतक और 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड के किसी भी खिलाड़ी ने 2 शतक और 3 अर्धशतक एक वर्ल्ड कप में नहीं लगाए हैं।
इसके अलावा एक वर्ल्ड कप में 548 रन बनाने वाले वे दूसरे कप्तान बन गए हैं। केन विलियमसन से पहले श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने ने 2007 के वर्ल्ड कप में इतने ही रन बनाए हैं।
एक वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
548 रन - केन विलियमसन (वर्ल्ड कप 2019)
547 रन - मार्टिन गप्टिल (वर्ल्ड कप 2015)
499 रन - स्कॉट स्टायरिस (वर्ल्ड कप 2007)
456 रन - मार्टिन क्रो (वर्ल्ड कप 1992)
353 रन - स्टीफन फ्लेमिंग (वर्ल्ड कप 2007)