नीदरलैंड्स के खिलाफ विशाल जीत के इरादे से उतरेगा दक्षिण अफ्रीका
नीदरलैंड्स के खिलाफ गुरुवार को टी-20 विश्व कप ग्रुप-1 के सुपर टेन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका धमाकेदार जीत दर्ज करके अपना नेट रनरेट बेहतर करना चाहेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ डेल स्टेन की चमत्कारिक गेंदबाजी के दम पर दो रन से जीत दर्ज करने के बाद दक्षिण अफ्रीका अब अपने नकारात्मक रनरेट (माइनस 0.075) में सुधार क
चटगांव। नीदरलैंड्स के खिलाफ गुरुवार को टी-20 विश्व कप ग्रुप-1 के सुपर टेन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका धमाकेदार जीत दर्ज करके अपना नेट रनरेट बेहतर करना चाहेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ डेल स्टेन की चमत्कारिक गेंदबाजी के दम पर दो रन से जीत दर्ज करने के बाद दक्षिण अफ्रीका अब अपने नकारात्मक रनरेट (माइनस 0.075) में सुधार कर सकता है।
एक जीत और एक हार के बाद दक्षिण अफ्रीका दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। गुरुवार का मैच जीतकर वह ऊपर पहुंच सकता है, क्योंकि शनिवार को उसका सामना इंग्लैंड से है। न्यूजीलैंड के भी दो अंक हैं, लेकिन उसका रनरेट प्लस 0.276 है। श्रीलंका दो जीत के साथ शीर्ष पर है। दूसरे स्थान के लिए मुकाबला दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड में है।
दक्षिण अफ्रीका के पास संतुलित गेंदबाजी और बल्लेबाजी आक्रमण है। मोर्नी मोर्केल की फॉर्म हालांकि चिंता का सबब है, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन ओवरों में 50 रन दिए। इससे स्टेन और लोनवाबो सोतसोबे पर दबाव बढ़ गया है। दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी में शीर्षक्रम से अधिक योगदान की उम्मीद होगी। हाशिम अमला आक्रामक बल्लेबाज नहीं हैं, लेकिन उनके रहने से बल्लेबाजी क्रम को स्थिरता मिलती है। जेपी डुमिनी शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन उन्हें अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलना होगा।
टी20 विश्व कप की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
दूसरी ओर टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे शर्मनाक हार झेलने के बाद अपना खोया मनोबल हासिल करना नीदरलैंड्स के लिए बड़ी चुनौती है। क्वालीफाइंग दौर में उसने अच्छा प्रदर्शन किया। कप्तान पीटर बोरेन, स्टीफन माइबर्ग और वेस्ले बारेसी उसकी बल्लेबाजी की धुरी हैं। अब देखना यह है कि श्रीलंका के खिलाफ महज 39 रन पर ढेर होने के बाद वह किस तरह अपना आत्मविश्वास फिर हासिल कर पाते हैं। डच टीम के पास खोने के लिए कुछ नहीं है, ऐसे में उनके तेज गेंदबाज टिम वान डेर प्रोटीज का खेल खराब कर सकते हैं। उनके पास अच्छी गति और निरंतरता है, लेकिन वह लाइन और लेंग्थ को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।