नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 182 रन का स्कोर बनाया है। सिवर-ब्रंट ने नाबाद 72 रन बनाए। अमीलिया केर ने 29 रन बनाए। सोफी एकलस्टन ने दो विकेट चटकाए।
टॉस जीतकर यूपी वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यास्तिका और मैथ्यूज ने तेज शुरुआत दी। मुंबई का पहला विकेट यास्तिका के रूप में गिरा। उन्होंने 21 रन की पारी खेली। मैथ्यूज और सिवर-ब्रंट को मैच के दौरान एक-एक जीवनदान मिला। मैथ्यूज इसका फायदा नहीं उठा पाईं। वह 26 रन बनाकर पार्शवी का शिकार बनीं।
हालांकि, सिवर-ब्रंट ने 26 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। कप्तान हरमनप्रीत भी बड़ी पारी खेल पाने से चूक गईं। वह 14 रन बनाकर एकलस्टन की गेंद पर बोल्ड हो गईं। अंत में अमीलिया, सिवर और पूजा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। सिवर 38 गेंद पर 72 रन बनाकर नाबाद रहीं। पूजा ने 4 गेंद पर 11 रन बनाए। मुंबई ने यूपी को जीत के लिए 183 रन का लक्ष्य दिया है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी की शुरुआत खराब रही। सेहरावत दूसरे ओवर में आउट हो गईं। तीसरे ओवर में कप्तान हीली भी आउट हो गई। इसके बाद मैक्ग्रा का भी जल्दी विकेट गिर गया। यहां से किरन और दीप्ति ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन किरन (43) का विकेट गिरने के बाद पूरी टीम बिखर गई। यूपी 110 रन ही बना सकी और 72 रन से मैच हार गई।