विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Premier League 2026: देहरादून वॉरियर्स बनी चैंपियन, फाइनल में हरिद्वार इल्मास को हराया

Published: Fri, 02 Oct 2026 07:22 PM (IST)

उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे सीजन के रोमांचक फाइनल मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

उत्तराखंड प्रीमियर लीग

उत्तराखंड प्रीमियर लीग

HighLights

  1. देहरादून ने हरिद्वार को 36 रन से हराया

  2. राजीव गांधी स्टेडियम में हुआ फाइनल

  3. देहरादून वॉरियर्स ने 197 रन बनाए थे

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे सीजन के रोमांचक फाइनल मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने हरिद्वार इल्मास को 36 रनों से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे सीजन में अपनी बादशाहत कायम रखने वाली देहरादून की टीम ने इस फाइनल मैच में भी बेहतरीन क्रिकेट का प्रदर्शन किया।

लीग स्टेज के दौरान भी देहरादून वॉरियर्स का प्रदर्शन बेहद ही शानदार रहा था। टीम ने अपने छह मुकाबलों में से चार मैचों में जीत हासिल की थी और शानदार नेट रन रेट के दम पर अंक तालिका में टॉप स्थान हासिल किया था। उसी लय को बरकरार रखते हुए देहरादून ने खिताबी मुकाबले में भी शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और अंत में सीजन-3 के चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स के कप्तान कुणाल चंदेला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक फैसला लिया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज 22 रन के स्कोर पर ही टीम के दो महत्वपूर्ण विकेट गिर चुके थे। इसके बावजूद कप्तान कुणाल चंदेला ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन बनाते हुए पारी की कमान संभाली।

कप्तान कुणाल चंदेला ने सामने से टीम की अगुवाई करते हुए महज 51 गेंदों में 8 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 90 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 176.47 का रहा। दूसरे छोर से मोहम्मद उजैर मलिक ने उनका भरपूर साथ निभाया और 46 गेंदों में 4 चौके व 4 छक्के जड़ते हुए 64 रन ठोके। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई मजबूत साझेदारी की बदौलत देहरादून वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 197 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

198 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार इल्मास की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और पहली ही ओवर की तीसरी गेंद पर बिना कोई रन बनाए उनका पहला विकेट गिर गया। देहरादून के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की, जिससे हरिद्वार के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके। देखते ही देखते 68 रन के स्कोर तक हरिद्वार की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

देहरादून की ओर से गेंदबाजी में सबसे बड़े हीरो आदित्य रावत साबित हुए, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से हरिद्वार के मध्य और निचले क्रम को ध्वस्त कर दिया। आदित्य रावत ने 3.4 ओवरों में मात्र 19 रन खर्च करके 4 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए और विपक्षी टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

आदित्य रावत के अलावा अन्य गेंदबाजों ने भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई। अभिषेक सिंह ने 4 ओवर में 39 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं, जबकि सुमित जुयाल ने 3 ओवरों में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं देवेंद्र एस. बोरा और नीरज सिंह राठौर ने 1-1 विकेट लेकर हरिद्वार पर दबाव बनाए रखा।

हरिद्वार इल्मास की ओर से शाश्वत डंगवाल ने 31 गेंदों में 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 59 रनों की जुझारू पारी खेलकर मैच में जान फूंकने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से कोई अन्य बल्लेबाज टिक न सका। आखिरकार हरिद्वार इल्मास की पूरी टीम 19.4 ओवरों में 161 रनों पर ढेर हो गई और देहरादून वॉरियर्स ने 36 रनों की शानदार जीत के साथ UPL 2026 की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया।