विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jaydev Unadkat: हैट्रिक समेत आठ विकेट लेकर जयदेव उनादकट ने दिल्ली की बखिया उधेड़ी

By Sameer ThakurEdited By: Sameer Thakur
Published: Tue, 03 Jan 2023 08:22 PM (IST)

Jaydev Unadkat सौराष्ट्र और दिल्ली के बीच मैच में जयदेव उनादकट ने 8 विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी। ...और पढ़ें

Ranji trophy: जयदेव उनादकट, गेंदबाज सौराष्ट्र टीम (फोटो क्रेडिट ट्विटर)
Ranji trophy: जयदेव उनादकट, गेंदबाज सौराष्ट्र टीम (फोटो क्रेडिट ट्विटर)

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जयदेव उनादकट ने दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्राफी में रिकार्ड गेंदबाजी करते हुए इस टीम के बल्लेबाजों की बखिया उधेड़ दी। दिल्ली के खिलाफ हैट्रिक समेत आठ विकेट लेकर उन्होंने इस टीम को 133 रन पर आलआउट करने में बड़ी भूमिका निभाई। इसके जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक सौराष्ट्र ने एक विकेट पर 184 रन बना लिए हैं और 51 रन की बढ़त ले ली है। सौराष्ट्र की तरफ से हार्विक देसाई (104 रन) और चिराग जानी (44 रन) क्रीज पर डटे हुए हैैं।

दिल्ली के छह बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता

कप्तान यश ढुल ने मैच में टास जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ। इस टीम ने अपने पहले सात विकेट सिर्फ 10 रन पर गंवा दिए। इसके बाद रितिक शौकीन के संघर्षपूर्ण नाबाद 68 रन और शिवांक वशिष्ट ने 38 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने का काम किया और स्कोर को 133 तक पहुंचाया।

टीम के छह बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल पाए जिसमें ध्रुव शौरी, आयुष बदोनी, वैभव रावल, कप्तान यश ढ़ुल, ललित यादव और कुलदीप यादव शामिल रहे। अन्य बल्लेबाजों में जोंटी सिद्धू (4 रन), लक्ष्य थरेजा (एक रन) और प्रांशू विजयरान (15 रन) ने भी निराश किया।

जयदेव उनादकट की हैट्रिक

दिल्ली को पहली पारी में सौराष्ट्र के कप्तान व तेज गेंदबाज उनादकट ने पहले ओवर में ऐसा झटका दिया कि यह टीम उससे उबर नहीं पाई। उनादकट ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ध्रुव शौरी को बोल्ड किया तो चौथी गेंद पर उन्होंने वैभव रावल को कैच आउट करवा दिया जबकि पांचवीं गेंद पर कप्तान यश ढुल को पगबाधा आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनादकट ने 12 ओवर में 39 रन देकर आठ विकेट झटके।

दिल्ली के प्रदर्शन पर उठे सवाल

दिल्ली को पिछले तीन मैचों में एक मेें हार मिली तो दो मैच ड्रा हुए। इन मैचों में टीम की बल्लेबाजी व गेंदबाजी अच्छी नहीं रही। ध्रुव शौरी को छोड़ अन्य बल्लेबाजों ने अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता नहीं दिखाई है। वैभव रावल, जोंटी सिद्धू, ललित यादव जैसे बल्लेबाजों ने टुकड़ों में प्रदर्शन किया है।

कप्तान यश ढुल के बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं निकली है। टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अब तक प्रभावशाली नहीं रहा है और वो अपनी लाइन-लेंथ से जुझते नजर आए हैं। दिल्ली के ऐसे प्रदर्शन के बाद सवाल चयनकर्ता पर भी उठेंगे कि आखिर उन्होंने किस तरह की टीम का चयन किया है।

नंबर गेम-

- उनादकट रणजी ट्राफी में पहले ओवर में हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने।

- उनादकट ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पहली पारी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/41 था।

-रणजी ट्राफी 2022-23 में उनादकट ने पहले ओवर में पहली बार हैट्रिक ली।

- भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पहले ओवर में हैट्रिक लेने वाले तेज गेंदबाज इरफान पठान थे।