नहीं चले गौतम गंभीर-इशांत शर्मा, कर्नाटक ने दिल्ली को सस्ते में समेटा
दिल्ली की टीम में लौटे गौतम गंभीर और इशांत शर्मा कोई कमाल नहीं दिखा सके।
कोलकाता (पीटीआइ)। कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के ग्रुप 'बी' मुकाबले में गुरुवार को दिल्ली की टीम 90 रन पर सिमट गई। यह कनार्टक के खिलाफ दिल्ली का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उसने बेंगलुरु में 2005-06 में 138 रन बनाए थे।
जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने 41 रन की बढ़त हासिल करते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर ली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने उन्मुक्त चंद (00) के रूप में पहला विकेट शून्य पर ही गंवा दिया। कप्तान गौतम गंभीर (02) खराब पुल शॉट खेलकर चलते बने।
ध्रुव शौरी (24) और फॉर्म में चल रहे ऋषभ पंत (24) ने सर्वाधिक रन बनाए। दिल्ली के शीर्ष पांच बल्लेबाज 65 रन पर पवेलियन लौट चुके थे। कर्नाटक के गेंदबाजों ने दिल्ली की टीम को दो घंटे, 38 मिनट के खेल में 35.5 ओवर में ढेर कर दिया। कर्नाटक की ओर से बायें हाथ के तेज गेंदबाज श्रीनाथ अरविंद (4/12) सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए।
उन्हें के गौतम (3/26) और अभिमन्यु मिथुन (2/29) का अच्छा साथ मिला। जवाब में कर्नाटक को आर समर्थ (53) और मयंक अग्रवाल (56) ने 87 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत दिलाई।
विकास टोकस (2/35) ने समर्थ का विकेट झटककर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। दिन का खेल खत्म होने से पहले कर्नाटक के रॉबिन उथप्पा (05) और मयंक के विकेट भी गंवाए। इशांत शर्मा ने दिल्ली की ओर से पहले दिन 10 ओवर किए, पर उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।