PAK vs AUS: बाबर आजम और अयूब के अर्धशतकों के बाद नवाज के पंजे ने ऑस्ट्रेलिया को झकझोरा, पाकिस्तान ने 3-0 से जीती सीरीज
पाकिस्तान ने तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 111 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से जीत ली। पाकिस्तान ...और पढ़ें

HighLights
पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी20 में 111 रनों से हराया
मोहम्मद नवाज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके
बाबर आजम और सैम अयूब ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 111 रनों विशाल अंतर से हरा दिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 207 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस स्कोर के सामने 16.5 ओवरों में 96 रनों पर ही ढेर हो गई। इसी के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की ये सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अपने नौ विकेट खोए। चूंकि एडम जैम्पा बल्लेबाजी करने नहीं आए तो मैच ऑस्ट्रेलिया के नौ विकेट गिरने के साथ ही खत्म हो गया। तीसरे मैच में तो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का रन बनाना मुश्किल हो गया। उसके दिग्गज से दिग्गज बल्लेबाजों का बल्ला नहीं चला। पाकिस्तान को इस जीत से आत्मविश्वास मिला होगा जो वह टी20 वर्ल्ड कप में लेकर जाएगी।
नवाज ने खोला पंजा
ऑस्ट्रेलियाई टीम बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज ने खासा परेशान किया। उन्होंने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी। हालांकि, इसकी शुरुआत शाहीन शाह अफरीदी ने मिचेल मार्श को आउट करते हुए की थी। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर अफरीदी ने मार्श को एक रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट को नवाज ने अपना पहला शिकार बनाया। यहां से नवाज हावी होते चले गए।
ऑस्ट्रेलिया ने अपना तीसरा विकेट मेट रेनशॉ के रूप में खोया जो अफरीदी का दूसरा शिकार बने। मार्कस स्टोइनिस की 23 रनों की पारी का अंत नवाज ने ही किया। उन्होंने फिर जोश फिलिपे (14), कूपन कॉनली (0) को भी अपना शिकार बनाया। मेहमान टीम के लिए सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई के अंक में पहुंच सके। कैमरन ग्रीन ने 22 रनों का योगदान दिया। उनके अलावा स्टोइनिस और फिलिपे ही दहाई के अंक में पहुंच सके। नसीम शाह ने मैथ्यू कुहनेमान को आउट कर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा अपनी टीम को जीत दिला दी।
बाबर और अयूब ने जमाए अर्धशतक
इससे पहले, पाकिस्तान के लिए सैम अयूब और बाबर आजम ने अर्धशतकीय पारियां खेल अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। फखर जमां के दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट होने के बाद कप्तान सलमान अली भी चौथे ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए। फखर ने 10 रन बनाए तो वहीं सलमान ने पांच रन बनाए। यहां से फिर अयूब और बाबर ने मिलकर 45 गेंदों पर 69 रन जोड़े। 103 के कुल स्कोर पर अयूब आउट हो गए। उन्होंने 37 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 56 रनों की पारी खेली।
उनके बाद ख्वाजा नफाय ने बाबर का साथ दिया। उन्होंने 12 गेंदों पर 21 रन बनाए और फिर आउट हो गए। फिर शादाब खान ने कदम रखा और बाबर के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। शादाब की 46 रनों की पारी का अंत बेन ड्वारशुइस ने किया। वह 19 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों की मदद से ये रन बनाने में सफल रहे। फहीम अशरफ 10 रन बनाकर नाबाद रहे। बाबर भी 36 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद रहे।
