RCB के बल्लेबाजों ने अभ्यास मैच में दिखाया तूफानी अवतार, विराट कोहली ने भी खेली आतिशी पारी; खिताब बचाने को तैयार टीम
आईपीएल की मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू अपना खिताब बचाने के लिए किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती ...और पढ़ें

आरसीबी की टीम है तैयार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू अपने खिताब को बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। टीम अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान दे रही है। हाल ही में इस टीम ने इंट्रा स्क्वायड मैच खेला जिसमें विराट कोहली ने अपना तूफानी रंग दिखाया, लेकिन महफिल लूटी विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा और रजत पाटीदार ने।
आरसीबी के सभी मुख्य बल्लेबाज लय में नजर आए। हालांकि, कई खिलाड़ियों को ज्यादा गेंदें नहीं मिली लेकिन जितनी मिलीं उसी में उन्होंने बता दिया कि वह आने वाले सीजन से पहले लय में आ चुके हैं और विरोधी टीमों के लिए खतरा बन सकते हैं। जितेश के अलावा कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और क्रुणाल पांड्या ने भी शानदार पारियां खेलीं और अर्धशतक जमाए।
जितेश का तूफानी अंदाज
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेंकटेश अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने सात विकेट खोकर 234 रन बनाए। इस टीम के लिए जितेश ने 37 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली। अय्यर ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाए। वहीं विराट कोहली ने 12 गेंदों पर 29 रनों की पारी खेली। वहीं क्रुणाल पांड्या की कप्तानी वाली दूसरी टीम ने 247 रन बनाए। उसके लिए रजत ने 25 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली। पडिक्कल ने 33 गेंदों पर 66 रन बनाए। पांड्या ने 33 गेंदों पर 58 रन बनाए।
कोच ने की तारीफ
मैच के बाद टीम के कोच एंडी फ्लावर ने जितेश और रजत की जमकर तारीफ की। उन्होंने साथ ही कहा है कि अभिनंदन सिंह, रासिख डार और विक्की ओस्तवाल जैसे युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने कहा, "इस मैच की अहम बात जितेश और रजत की शानदार बल्लेबाजी रही। रजत ने कुछ शानदार शॉट्स लगाए। हम जानते हैं कि वह लगा सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "कुछ युवाओं ने शानदार खेल दिखाया। अभिनंदन ने अच्छी गेंदबाजी की। रासिख ने भी गेंद से अच्छा किया। विक्की ओस्तवाल ने अपनी फिरकी से प्रभावित किया। हर किसी के लिए ये शानदार मैच रहा।"
यह भी पढ़ें- 'Vaibhav Suryavanshi कभी प्रोफेशनल नहीं बन पाएगा...', RCB के स्टार खिलाड़ी का चौंकाने वाला बयान
यह भी पढ़ें- IPL टीम स्पॉन्सरशिप ने पार किया 1000 करोड़ का आंकड़ा,आसानी से समझें इसका मतलब
