विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ENG vs NZ: फिलिप्स की तूफानी बल्लेबाजी के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मचाया गदर, अपने घर में ही पस्त हुए अंग्रेज

Published: Thu, 18 Jun 2026 11:59 PM (GMT+05:30)

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम मुश्किलों में फंसी हुई है। न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने शतक लगाया और फिर गेंदबाजों ने कमाल कर दिया।

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट मैच

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट मैच

HighLights

  1. इंग्लैंड के खिलाफ ग्लेन फिलिप्स का शतक

  2. दूसरे दिन मुश्किलों से घिरा इंग्लैंड

  3. न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने किया कमाल

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। लंदन के केनिंग्सटन ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान इंग्लैंड की स्थिति नाजुक दिखाई दे रही है। न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने पहले बल्ले के साथ कमाल किया और शतक लगाकर टीम को 391 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके बाद कीवी टीम के गेंदबाजों ने कहर बरपाती गेंदबाजी की और इंग्लिश बल्लेबाजों के पसीने छुड़ा दिए।

इंग्लैंड की टीम ने पहले मुकाबले में जीत हासिल की थी लेकिन दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मुकाबले में पीछे नजर आ रही है। 391 के जवाब में टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 222 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए हैं। दूसरा दिन कीवियों के नाम रहा। पहले बल्लेबाजी में बड़ा स्कोर बनाया और फिर गेंदबाजों ने कमाल किया। मैट हेनरी, विलियम ओरूक और नाथन स्मिथ के आगे अंग्रेज बेबस नजर आए।

ग्लेन फिलिप्स ने की इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर कुटाई

न्यूजीलैंड की टीम ने एक समय पर 263 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने मैदान पर कदम रखा। ऐसा लग रहा था कि मेहमान टीम 300 या उससे थोड़ा अधिक स्कोर बना पाएगी। हालांकि, फिलिप्स ने सभी को गलत साबित कर दिया और उन्होंने शतकीय पारी खेली। फिलिप्स ने 135 गेंदों पर 100 रन बनाए और इसी के साथ ब्लैककैप्स को 391 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। फिलिप्स इसी के साथ न्यूजीलैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले ब्रैंडन मैक्कुलम और मार्टिन गुप्टिल ने ये कारनामा किया था।

फिलिप्स के अलावा बल्लेबाजी में विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लेंडन ने अर्धशतक लगाया और 51 रन बनाए। इन दोनों के अलावा डेरिल मिचेल (44), काईल जैमीसन (41) और रचिन रविंद्र (33) ने भी अहम योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए जैकब बेथल ने तीन, जबकि जोफ्रा आर्चर और मैथ्यू फिशर ने 2-2 विकेट हासिल किए।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मचाया गदर

बल्लेबाजी में सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने के बाद न्यूजीलैंड की टीम ने गेंदबाजी में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। 392 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने अच्छी शुरुआत की और सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। बेन डकेट 36 रन बनाकर रन आउट हो गए। पहला विकेट मिलते ही कीवी टीम के गेंदबाजों ने अंग्रेजों पर धावा बोल दिया और दूसरे दिन उनके 6 विकेट गिरा दिए।

दूसरे दिन ही मुश्किल में इंग्लैंड

इंग्लिश टीम के लिए एमिलियो गे (53) ने अच्छी बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। इसके बाद कप्तान जो रूट सेट हुए लेकिन मैट हेनरी ने 46 रनों के स्कोर पर उन्हें मैदान से बाहर भेज दिया। हैरी ब्रूक और जेम्स रेउ भी कुछ खास नहीं कर सके और इंग्लैंड की टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 222 रन बना लिए हैं। मेजबान इंग्लैंड अभी भी 169 रनों से पीछे है। न्यूजीलैंड के लिए हेनरी और विलियम ने 2-2, जबकि माथन स्मिथ को एक सफलता मिली।

यह भी पढ़ें- Glenn Phillips ने इंग्लैंड के खिलाफ शतक ठोक मचाया कोहराम, न्यूजीलैंड के लिए वो कर दिखाया जो विलियमसन कभी नहीं कर सके 

यह भी पढ़ें- भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने अपनी टीम का किया एलान, 5 खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका