बॉलीवुड के एक बड़े अभिनेता पर कसेगा शिकंजा
मुंबई [जासं]। आइपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में विंदू दारा सिंह की गिरफ्तारी के बाद बालीवुड के एक बड़े अभिनेता और कई बड़ी हस्तियों पर मुंबई पुलिस का शिकंजा कसने के आसार बन रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें कुछ लोगों से पुलिस निकट भविष्य में पूछताछ कर सकती है।
मुंबई। आइपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में विंदू दारा सिंह की गिरफ्तारी के बाद बालीवुड के एक बड़े अभिनेता और कई बड़ी हस्तियों पर मुंबई पुलिस का शिकंजा कसने के आसार बन रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें कुछ लोगों से पुलिस निकट भविष्य में पूछताछ कर सकती है।
पुलिस सूत्र बता रहे हैं कि विंदू से पूछताछ के बाद पुलिस को सिने जगत की कुछ बड़ी हस्तियों के सट्टेबाजी में शामिल होने का पता चला है। इनमें एक बड़ा एक्शन हीरो, एक संगीतकार, एक फिल्म निर्माता और एक टेलीविजन अभिनेत्री शामिल हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा इन सभी से निकट भविष्य में पूछताछ कर सकती है। विंदू द्वारा इन सभी का नाम क्रिकेट के संट्टे में रुचि रखने वालों के रूप में लिया गया है। स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल का खुलासा होने के बाद मुंबई में सटोरिये भूमिगत हो ही गए हैं, मुंबई और गुजरात के बीच हवाला कारोबार में लगे आंगड़ियों की गतिविधियां भी थम सी गई हैं। क्योंकि मुंबई से गुजरात के बीच बड़ी राशि लाने-ले जाने का काम इन आंगड़ियों के जरिये ही होता है। एक अनुमान के मुताबिक अकेले सौराष्ट्र से ही करीब 3000 करोड़ रुपये का साप्ताहिक आवागमन ये आंगड़िये करते हैं।
सूरत से मुंबई के बीच तराशे हुए हीरे लाने ले जाने का काम भी आंगड़ियों के जरिये ही होता है। ज्यादातर इस कारोबार का कोई लेखा-जोखा नहीं होता। पुलिस की अचानक बढ़ी सख्ती से सकते में आए हवाला कारोबारियों ने अब अपने इस कारोबार पर भी कुछ समय के लिए रोक लगा दी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर