Mumbai Indians देश के कोने-कोने से खोजकर लाती है युवा प्रतिभाएं, IPL के कई स्टार इंटरनेशनल क्रिकेट में मचा रहे तहलका
आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस सिर्फ ट्रॉफी जीतने के लिए ही नहीं बल्कि युवा प्रतिभाओं को देश के कोने-कोने से खोजकर लाने के लिए जानी जाती है। मुंबई इंडियंस स्काउटिंग टीम ने पिछले कुछ सालों में एक से बढ़कर एक प्लेयर की खोज की है। इन प्लेयर्स ने ना सिर्फ मुंबई इंडियंस को खिताब जिताने में मदद की बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी झंडे गाड़े।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस सिर्फ ट्रॉफी जीतने के लिए ही नहीं बल्कि युवा प्रतिभाओं को देश के कोने-कोने से खोजकर लाने के लिए जानी जाती है। मुंबई इंडियंस (MI) स्काउटिंग टीम ने पिछले कुछ सालों में एक से बढ़कर एक प्लेयर की खोज की है।
इन प्लेयर्स ने ना सिर्फ मुंबई इंडियंस को खिताब जिताने में मदद की बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी झंडे गाड़े। आईपीएल के 18वें सीजन में भी मुंबई इंडियंस ने 3 युवाओं को प्लेइंग 11 में जगह दी। अपनी प्रदर्शन से ये गुमनाम खिलाड़ी रातों-रात स्टार बन गए हैं। आइए ऐसे प्लेयर्स के बारे में जानते हैं, जिन्हें मुंबई इंडियंस ने फर्श से अर्श पर पहुंचा दिया।
हार्दिक पांड्या-क्रुणाल पांड्या
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और उनके भाई क्रुणाल पांड्या MI स्काउट्स की खोज हैं। मुंबई ने 2015 में 10,000 अमेरिकी डॉलर में हार्दिक को खरीदा था। स्काउटिंग टीम ने उन्हें बड़ौदा में स्थानीय टी20 टूर्नामेंट खेलते हुए देखा था।
मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी ने हाल ही में खुलासा किया था कि हार्दिक और उनके भाई क्रुणाल सिर्फ नूडल्स खाकर गुजारा कर रहे थे। 2015, 2017, 2019 और 2020 में जब मुंबई ने खिताब जीता तो हार्दिक का अहम योगदान था। वह भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं। क्रुणाल 2016 में फ्रेंचाइजी में शामिल हुए और 2019 के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
जसप्रीत बुमराह
टीम इंडिया की गेंदबाजी की रीढ़ बन चुके जसप्रीत बुमराह को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2013 में मौका दिया था। पहले ही सीजन में बुमराह ने कमाल कर दिया। अपने डेब्यू पर उन्होंने 3/32 प्रदर्शन किया। इसके बाद बुमराह ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इन दिनों वह भारत ही नहीं दुनिया के बेस्ट गेंदबाज हैं। बुमराह वर्तमान में ICC टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पर हैं।
तिलक वर्मा
हैदराबाद के इस युवा खिलाड़ी को 2022 सीजन में मुंबई ने चुना। इसके बाद से ही वह टीम के अहम प्लेयर बन गए हैं। वर्मा ने 2023 सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद इंटरनेशनल डेब्यू किया। अब वह टी20I टीम का परमानेंट हिस्सा बन गए हैं। आने वाले सालों में वह तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम का अहम मेंबर बन सकते हैं।
नेहल वढेरा
पंजाब के आक्रामक बल्लेबाज नेहल वढेरा को मुंबई इंडियंस की स्काउटिंग टीम ने आईपीएल 2023 सीजन में डेब्यू करने के लिए चुना। वढेरा को उनकी शानदार छक्के मारने की क्षमता के लिए जाना जाता है। इसके कारण ही उनकी तुलना युवराज सिंह से होती। वह मुंबई के लिए 2 सीजन खेले और 16 पारियों में 350 रन बनाए। पंजाब किंग्स ने नेहल वढेरा को 18वें सीजन के लिए 4.2 करोंड रुपये में खरीदा है।
विग्नेश पुथुर
बाएं हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ डेब्यू किया। 24 साल के इस खिलाड़ी को केरल क्रिकेट लीग में खेलते हुए MI स्काउटिंग टीम ने देखा था। CSK के खिलाफ पहले ही आईपीएल मैच में विग्नेश पुथुर ने 32 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उन्होंने चेन्नई के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। उन्होंने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ही शिवम दुबे और दीपक हुड्डा का विकेट चटकाया।
अश्विनी कुमार
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ IPL के 12वें मुकाबले में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार को आईपीएल डेब्यू का मौका मिला। पंजाब के मोहली के रहने वाले इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल करियर की पहली गेंद पर ही विकेट चटकाए। अश्विनी ने कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे को पवेलियन भेजा।
2024 में शेर ए पंजाब टी20 ट्रॉफी के दौरान MI स्टाफ ने अश्विनी को देखा। वह अच्छी वाइड यॉर्कर करने के साथ ही स्पीड में वेरिएशन के लिए जाने जाते हैं। डेब्यू मैच में उन्होंने 4 विकेट चटकाए। ऐसे में वह आईपीएल डेब्यू में 4 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।