पाकिस्तानी दिग्गज शोएब अख्तर का रिकॉर्ड तोड़ना चाहता है दिल्ली कैपिटल्स का ये गेंदबाज
IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया ने हाल ही में आइपीएल के इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकी थी और अब वे क्रिकेट के इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकना चाहते हैं।
दुबई, एएनआइ। IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों का जलवा देखने को मिल रहा है। दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया के साथ-साथ उन्हीं के हमवतन कगिसो रबादा शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। उधर, एनरिक नॉर्खिया की नजरें पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के सबसे तेज गेंद फेंकने के रिकॉर्ड को तोड़ने पर हैं। बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 156.22 किमी प्रति घंटा की गति से आइपीएल की सबसे तेज गेंद फेंकी थी।
अख्तर ने 2003 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 161.3 किमी प्रति घंटा की गति से क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकी थी। नोत्र्जे ने रविचंद्रन अश्विन से कहा कि उम्मीद है कि मैं ऐसा कर सकता हूं। अगर विकेट अच्छा हुआ, यही संयोजन हुआ, तो मैं इस आइपीएल में ऐसा कर सकता हूं या भविष्य में ऐसा कर सकता हूं। बुधवार को हुए मैच में मुझे अपनी गेंद की गति के बारे में नहीं पता था। स्कोरबोर्ड पर भी कुछ ऐसा नहीं दिखा था।