IPL 2019: हार्दिक पांड्या ने लगाया सीजन का सबसे लंबा छक्का, गेल भी रह गए पीछे
हार्दिक पांड्या ने पंजाब के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए इस सीजन का सबसे लंबा छक्का जड़ दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 के सातवें मैच में बैंगलोर (RCB) के खिलाफ मुंबई (MI) के तूफानी बल्लेबाज हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने मैदान पर जमकर अपना दम दिखाया। हार्दिक ने इस मैच में छोटी, लेकिन ऐसी पारी खेली की सब देखते रह गए। हार्दिक का कहर बैंगलोर के गेंदबाजों पर जमकर टूटा और उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान आइपीएल के इस सीजन में अब तक का सबसे लंबा छक्का लगा दिया। इतना लंबा छक्का इस आइपीएल में अब तक तो किसी भी बल्लेबाज ने नहीं लगाया था।
बैंगलोर के खिलाफ हार्दिक ने 14 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए और अपनी पारी में उन्होंने तीन तूफानी छक्के लगाए। इनमें से एक छक्का 104 मीटर लंबा था जो इस सीजन का सबसे लंबा छक्का था। इस सीजन में इससे पहले सबसे लंबा छक्का क्रिस गेल ने लगाया था जो 98 मीटर लंबा था। वहीं इस मामले में तीसरे नंबर पर पंजाब के डेविड मिलर हैं और उन्होंने भी 98 मीटर लंबा छक्का लगाया था। अब हार्दिक ने गेल व मिलर को पीछे छोड़ दिया है। वहीं इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी कोलकाता के नीतिश राणा हैं जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 10 छक्के लगाए हैं। दूसरे स्थान पर केकेआर के तूफानी बल्लेबाज आंद्रे रसेल हैं जिन्होंने कुल 9 छक्के लगाए हैं। इस सीजन में अब तक सबसे लंबा छक्का लगाने वाले टॉप पांच बल्लेबाज ये हैं-
हार्दिक पांड्या | मुंबई इंडियंस | 104 मीटर |
क्रिस गेल | किंग्स इलेवन पंजाब | 98 मीटर |
डेविड मिलर | किंग्स इलेवन पंजाब | 98 मीटर |
आंद्रे रसेल | कोलकाता नाइट राइडर्स | 97 मीटर |
आंद्रे रसेल | कोलकाता नाइट राइडर्स | 96 मीटर |
पंजाब के खिलाफ इस मैच में मुंबई ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 187 रन बनाए। इसके जबाव में बैंगलोर की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 181 रन ही बना पाई। इस रोमांचक मैच में मुंबई को 6 रन से जीत मिली और इस सीजन में उसके जीत का खाता खुला। वहीं बैंगलोर को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।