IPL 2019: अपनी तूफानी पारी के बाद डिविलियर्स ने दो मामलों में धौनी को छोड़ दिया पीछे
मुंबई इंडियंस के खिलाफ डिविलियर्स की पारी ने फिर से साबित कर दिया कि वो बैंगलोर के कितने अहम बल्लेबाज हैं। उनकी इस पारी ने दो मामलों में धौनी को पीछे छोड़ दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 आइपीएल के इस सीजन में विराट की कप्तानी वाली बैंगलोर की हालत काफी खराब है। इस टीम को शायद लगातार हारने की आदत सी हो गई है। हालांकि टीम के अनुभवी सीनियर बल्लेबाज एबी डिविलियर्स अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर से मुंबई के खिलाफ हुए मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि मुंबई ने ये मैच पांच विकेट से जीत लिया फिर भी एबी ने इस पारी के दम पर दो मामलों में चेन्नई के कप्तान धौनी को पीछे छोड़ दिया।
मुंबई के खिलाफ खेली अपनी 75 रन की पारी के बाद एबी अब आइपीएल में रन बनाने के मामले में टॉप टेन बल्लेबाजों की लिस्ट में शुमार हो गए हैं। इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अब तो आठवें स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने धौनी व गंभीर को पीछे छोड़कर इस नंबर पर कब्जा किया है। डिविलियर्स के 149 मैचों में अब तक 4260 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 32 अर्धशतक जबकि तीन शतक जमाए। धौनी के 183 मैचों में 4246 रन हैं जबकि उन्होंने 22 अर्धशतक जमाए हैं। वहीं गौतम गंभीर ने 154 मैचों में 36 पचासों की मदद से 4217 रन बनाए हैं। आइपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में धौनी 9वें जबकि गंभीर 10वें स्थान पर हैं। आइपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली 5226 रन के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के सुरेश रैना 5179 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
मुंबई के खिलाफ एबी ने अपनी पारी के दौरान चार जबरदस्त छक्के लगाए। अब एबी ने नाम पर आइपीएल में 200 से ज्यादा छक्के हो गए हैं। यानी वो इस लीग में अपने छक्कों की संख्या को 200 के पार पहुंचाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। एबी के नाम पर अब आइपीएल में कुल 203 छक्के हो गए हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धौनी को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम पर इस लीग में अब तक 196 छक्के हैं। आइपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी क्रिस गेल हैं जिन्होंने अब तक कुल 315 सिक्स मारे हैं। वो आइपीएल में 300 से ज्यादा छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
मुंबई के खिलाफ एबी ने 51 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने चार छक्के व छह चौके लगाए। उन्होंंने मोइन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए अहम 95 रन की साझेदारी की। मोइन ने भी अर्धशतक लगाया था। इस मैच में बैंगलोर को हार मिली थी।