IPL 2019: एडम मिल्ने का खेलना मुश्किल, मलिंगा के खेलने पर सस्पेंस : जयवर्धने
मुंबई इंडियंस की टीम न्यूजीलैंड के अपने चोटिल तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की सेवाओं से वंचित हो सकती है।
मुंबई, प्रेट्र। आइपीएल के 12वें संस्करण में मुंबई इंडियंस की टीम न्यूजीलैंड के अपने चोटिल तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की सेवाओं से वंचित हो सकती है। वहीं श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा के खेलने पर भी खेलने पर भी संशय बरकरार है। इस बात की जानकारी मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने दी।
जयवर्धने ने कहा कि मिल्ने अब तक अपने टखने की चोट से उबर नहीं पाए हैं। हम उनकी फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। दो सप्ताह पहले की उसकी रिपोर्ट से पता चला था कि वह 100 फीसद फिट नहीं हैं और उसका आइपीएल में खेल पाना मुश्किल लग रहा है। उधर मलिंगा श्रीलंकाई टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका में द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में व्यस्त हैं और उनका भी आइपीएल के शुरुआती कुछ मुकाबलों में खेल पाना मुश्किल लग रहा है। जयवर्धने ने कहा कि जब श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने मलिंगा की उपलब्धता के बारे में बताया था तब, मुंबई इंडियंस को श्रीलंका के हालिया टी-20 सीरीज के बारे में जानकारी नहीं थी। हालांकि अभी कहना मुश्किल है कि वह इस सत्र में खेल पाएंगे या नहीं। साथ ही जयवर्धने ने यह भी स्पष्ट किया कि टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पूरी तरह फिट हैं।
भारतीय खिलाडि़यों को पोंटिंग की सलाह
मुंबई। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और आइपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग ने भारतीय खिलाडि़यों को आगामी विश्व कप की टीम में जगह बनाने के लिए अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी टीमों के साथ ध्यान लगाकर अच्छा प्रदर्शन की सलाह दी है। पोंटिंग ने कहा कि मुझे श्रेयस (अय्यर) की बात सुनकर खुशी हुई कि हमें वर्तमान में रहने की जरूरत है। भारतीय खिलाडि़यों के लिए आइपीएल में अच्छा प्रदर्शन करना होगा ताकि वे विश्व कप में भारतीय टीम के लिए चयनित हो सकें। साथ ही पोंटिंग ने यह भी कहा कि उनकी फ्रेंचाइजी टीम को अब तक बीसीसीआइ की ओर से विश्व कप के संभावित भारतीय खिलाडि़यों के कार्यभार को लेकर कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।