यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जिम्बाब्वे ये तूने क्या किया...344 का स्कोर खड़ा करके T20I में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सिकंदर रजा की तूफानी बैटिंग
जिम्बाब्वे ने बुधवार को टी20I का सबसे बड़ा टीम स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया। गांबिया के खिलाफ आईसीसी मेंस टी20 ...और पढ़ें

HighLights
- जिम्बाब्वे ने बनाया टी20I का हाइएस्ट टीम स्कोर
- गांबिया के खिलाफ बनाए 344 रन
- जिम्बाब्वे ने नेपाल को पीछे छोड़ा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर, 2024 के एक मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टी20I का हाइएस्ट टीम स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया। गांबिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 344 रन का स्कोर बनाकर नेपाल और भारत को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले टी20I में नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ 314 रन बनाए थे।
नैरोबी के रुआरका स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में जिम्बाब्वे ने गांबिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले विकेट के लिए जब ब्रायन बेनेट (50) और टी मारुमानी (62) ने 5.4 ओवर में 98 रन की साझेदारी की तो किसे पता था कि आज टी20 क्रिकेट में एक नया इतिहास लिखा जाने वाला है। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान सिकंदर रजा ने सभी को आश्चर्यचकित करते हुए तूफानी पारी खेली।
सिकंदर रजा ने रचा इतिहास
सिकंदर रजा ने महज 33 गेंद पर शतक जड़कर अपने मंसूबे जाहिर कर दिए कि आज उनकी टीम एक नया इतिहास बनाने जा रही है। बता दें कि सिकंदर रजा टी20I में सबसे तेज शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बने। कप्तान रजा ने नामीबिया के जॉन निकोल लोफ्टी इटन की बराबरी की। इटन ने नेपाल के खिलाफ 33 गेंद पर शतक जड़ा था। रजा ने गांबिया के खिलाफ 43 गेंद पर नाबाद 133 रन की पारी खेली। इस दौरान 7 चौके और 15 सिक्क उड़ाए। यही नहीं क्लाइव मडांडे ने 17 गेंद पर नाबाद 53 रन की पारी खेली।
टी20I में सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी
- साहिल चौहान, एस्टोनिया बनाम साइप्रस- 27 गेंद
- जान निकोल लोफ्टी इटन, नामीबिया बनाम नेपाल-33 गेंद
- सिकंदर रजा, जिम्बाब्वे बनाम गांबिया, 33 गेंद
- कुशल मल्ला, नेपाल बनाम मंगोलिया, 34 गेंद
- डेविड मिलर, साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश, 35 गेंद
- रोहित शर्मा, भारत बनाम श्रीलंका, 35 गेंद
जिम्बाब्वे ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
जिम्बाब्वे ने बल्लेबाजों की तूफानी बल्लेबाजी से टी20I का सबसे बड़ा टीम स्कोर बना दिया। जिम्बाब्वे ने नेपाल के 314 रन के स्कोर को पार करते हुए 344 रन बना दिए। टी20I में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाली टीमों की लिस्ट में भारत तीसरे नंबर पर खिसक गया है। हैदराबाद में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी टी20I मैच में 297 रन बनाए थे। चौथे नंबर एक बार फिर जिम्बाब्वे का नाम दर्ज है। नाइरोबी के खिलाफ 286 रन बनाए थे।
टी20I में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाली टीम
- जिम्बाब्वे - 344 बनाम गांबिया- 2024
- नेपाल- 314 बनाम मंगोलिया-2023
- भारत-297 बनाम बांग्लादेश- 2024
- जिम्बाब्वे-286 बनाम नाइरोबी-2024
- अफगानिस्तान-278 बनाम आयरलैंड- 2019
यही नहीं गांबिया के गेंदबाज मूसा जोबारतेह के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। मूसा ने T20I का सबसे मंहगा स्पेल डाला। मूसा ने चार ओवर में बिना कोई विकेट लिए 93 रन खर्च कर डाले। लक्ष्य का पीछा करते हुए गांबिया की टीम 14.4 ओवर में 54 रन बनाकर सिमट गई। जिम्बाब्वे ने 290 रन से जीत दर्ज की।
