T20WC इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं इस बल्लेबाज ने, दूसरे नंबर पर हैं रोहित
Most sixes for India in T20WC history रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप में 24 छक्के लगाए हैं जबकि विराट कोहली ने 19 छक्के जड़े हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत साल 2007 में हुई थी और इस टूर्नामेंट के पहले ही सीजन में भारत ने ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस वर्ल्ड कप की यादें तो हर भारतीय क्रिकेट फैंस के जहन में अब तक ताजा होंगी क्योंकि जो कमाल युवराज सिंह ने किया था वो इतिहास के पन्ने में दर्ज हो गया। यही नहीं वो एक ऐसा नायाब रिकॉर्ड है जिसके आगे जाना किसी भी खिलाड़ी के लिए मुश्किल होगा। टी20 वर्ल्ड कप के एक ओवर में यानी छह गेंद पर छह छक्के युवी ने जड़े थे और इसका शिकार बने थे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड।
युवी के नाम पर ये कमाल का रिकॉर्ड तो दर्ज है ही साथ ही साथ वो भारत की तरफ से अब तक खेले गए सभी 6 टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी हैं। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में युवी भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं तो इस उपलब्धि को हासिल करने वाले टॉप 5 भारतीय बल्लेबाजों में युवी के अलावा रोहित शर्मा, विराट कोहली, एमएस धौनी व सुरेश रैना शामिल हैं।
युवराज सिंह ने भारत की तरफ से अब तक टी20 वर्ल्ड कप में कुल 33 छक्के लगाए हैं। युवराज ने अब रिटायरमेंट ले ली है, लेकिन ये रिकॉर्ड फिलहाल तो उन्हीं के नाम पर दर्ज है। पहले टी20 वर्ल्ड कप में भारत को जीत मिली थी और युवराज सिंह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने गए थे। युवराज सिंह के बाद दूसरे स्थान पर इस टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज हिट मैन रोहित शर्मा हैं जिन्होंने कुल 24 छक्के लगाए हैं। रोहित भारत की तरफ से क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
युवी व रोहित के बाद तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं जिनके नाम पर 19 छक्के हैं तो वहीं भारत को अपनी कप्तानी में पहला टी20 विश्व कप दिलाने वाले पूर्व कप्तान एमएस धौनी 16 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं। सुरेश रैना ने 12 छक्के लगाकर पांचवां नंबर हासिल किया है।