युवराज सिंह ने ऑनलाइन सेलिब्रेट किया हरभजन सिंह का बर्थडे, मजेदार वीडियो किया शेयर
युवराज सिंह ने अपनी टीम के साथी हरभजन सिंह का बर्थडे बडे़ ही मजेदार तरीके से मनाया है और उन्होंने भज्जी से पूछा भी है कि उनकी उम्र 40 है या 47?
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह आज यानी शुक्रवार 3 जुलाई को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। हालांकि, लॉकडाउन के कारण हरभजन सिंह कोई पार्टी का आयोजन नहीं कर सकते हैं, लेकिन उनके ही साथी उनसे पार्टी मांग रहे हैं। अक्सर किसी दोस्त का जन्मदिन आता है तो उसके दोस्त उससे पार्टी के रूप में ट्रीट मांगते हैं, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से किए गए लॉकडाउन के कारण सभी लोग अपने-अपने घरों में हैं।
उधर, भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अपने जिगरी दोस्त हरभजन सिंह को बर्थडे विश किया है और उनसे ये भी पूछा है कि अब तुम्हारी उम्र 40 है या 47। दरअसल, युवराज ने हैप्पी बर्थडे वाले गाने का प्रयोग करते हुए उनको बर्थडे विश किया है, जिसमें दोनों अलग-अलग जगहों पर मस्ती कर रहे हैं और एकदूसरे की टांग खिंचाई कर रहे हैं। इसी दौरान एक शो में जब एक एंकर ने युवी से भज्जी की उम्र के बारे में पूछा तो उन्होंने भज्जी की उम्र 47 बताई, जबकि भज्जी ने युवराज की उम्र 147 साल बताई। ऐसी ही मीठी यादों से भरा हुआ ये वीडियो है, जिसे आप युवराज सिंह के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर देख सकते हैं।
इस पोस्ट के कैप्शन में युवराज ने लिखा है, "ये तुम्हारा 40वां बर्थडे या फिर 47वां? ये कुछ यादें हैं, जब हम एकदूसरे की टांग खिंचाई और कभी-कभी पैंट खिंचाई करते थे। आपने हमेशा दुनिया को साबित किया है कि आप हमेशा किंग होंगे, क्वारंटाइन के बाद 100 फीसदी पार्टी लेनी है। आपका दिन अच्छा रहे। लव यू पाजी।" विराट कोहली ने भी हरभजन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं मजाकिया लहजे में दी हैं।
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने इंस्टा स्टोरी में एक फोटो लगाया है, जिसमें भज्जी फुटबॉल खेल रहे हैं। इसके कैप्शन में विराट ने लिखा है, "ओह बल्ले भज्जू पा, क्या किक है। आपको जन्मदिन की बधाइयां पाजी। भगवान खुश रखे। किक में सुधार कर लो प्लीज।" विराट कोहली के अलावा अन्य खिलाड़ियों ने भी हरभजन सिंह को उनके 40वें बर्थडे पर विश किया है।